

जयपुर. राजस्थान में सोमवार सुबह कोरोना संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए। इसमें जयपुर में 8, कोटा, झुंझुनू और जोधपुर में 2-2 संक्रमित मिले हैं। वहीं, नागौर, बांसवाड़ा और अजमेर में एक-एक मरीज मिला है। इसे मिलाकर राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 1 हजार 495 पहुंच गया। वहीं, रविवार सुबह नागौर के रहने वाले 62 साल के बुजुर्ग की संक्रमण से मौत हो गई। उन्हें 18 अप्रैल को जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रदेश में अब तक कोरोना से 24 लोगों की मौत हो चुकी है।
नागौर में कोरोना हॉटस्पॉट बने बासनी गांव में शनिवार को जन्मी बच्ची भी संक्रमित पाई गई। संभवत: यह देश का पहला मामला है जब एक दिन की नवजात कोरोना पॉजिटिव मिली हो। इससे पहले झुंझुनूं जिले की ढाई माह की बच्ची पॉजिटिव मिली थी। वह जयपुर एसएमएस में भर्ती रहने के बाद 18 दिन में ठीक हो गई थी। बासनी से मिली इस बच्ची का पूरा परिवार ही पॉजिटिव है।
रमजान-अक्षय तृतीया पर लॉकडाउन का पालन करें: गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज से शुरू हुए मॉडिफाई लॉकडाउन का यह कतई मतलब नहीं कि लोग घरों से बाहर निकल सकते हैं। लोग किसी भी स्थिति में बाहर न निकले और अपनी जिंदगी खतरे में न डालें। लॉकडाउन का उसी तरह से पालन करें, जैसे वे अब तक करते रहे हैं। आवश्यक सेवाओं के अतिरिक्त कोई बाहर निकला तो कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इसी महीने शुरू होने वाले रमजान और अक्षय तृतीया के अवसर पर लोग लॉकडाउन का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, एनजीओ से अपील की है कि वे लॉकडाउन का पालन कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मॉडिफाई लॉकडाउन आज से, लेकिन असर ज्यादा नहीं
राजस्थान में सोमवार से मॉडिफाई लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। ऐसे में जहां कोरोना के केस नहीं हैं या कम हैं उन इलाकों में काफी छूट दी गई है। हालांकि, सरकार ने कोई भी काम शुरू करने से पहले अनुमित और पास जैसे प्रावधान को अनिवार्य किया है। ऐसे में सोमवार को मॉडिफाई लाकडाउन का ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। ज्यादातर लोग अनुमति लेने और पास बनवाने में ही व्यस्त रहें। हॉटस्पॉट, कंटेनमेंट जोन, क्लस्टर्स और कर्फ्यू वाले इलाकों में ये छूट नहीं दी गई है। राज्य सरकार ने कुछ सेवाओं में पास और कुछ में परिचय-पत्र के आधार पर छूट दी है।
- पास के आधार पर इनको मिलेगी छूट: किराना स्टोर, फल-सब्जी, दूध, अंडे, चिकन, कृषि संबंधित सामान, राजमार्गों व अन्य स्थानों पर टायर पंचर और रिपेयरिंग की दुकानें, स्पेयर पार्ट की दुकानों को छूट दी जाएगी। रेस्टोरेंट और होटलों को सिर्फ होम डिलिवरी की सुविधा रहेगी। इसके अलावा हाइवे पर ढाबों को चलाने की अनुमति दी जाएगी।
- इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, मोटर मैकेनिक, कारपेंटर, मोची, धोबी को भी अनुमति मिलेगी। परिवहन सेवाओं के कार्यालय, गोदाम, तेल मिल, चावल मिल और आटा दाल चक्की भी खोल सकेंगे। मशीन, स्पेयर पार्ट्स, खाद-बीज और कीटनाशक निर्माता को भी छूट।
- परिचय पत्र के आधार पर अनुमति: समस्त चिकित्साकर्मी (सरकारी और निजी दोनों), भारत और राज्य सरकार के कर्मचारी, बैंककर्मी, मीडियाकर्मी, पेट्रोल पंपकर्मी, एलपीजीकर्मी, केमिस्ट, प्राइवेट सिक्योरिटी सर्विस (वर्दी पहने हुए), मनरेगा श्रमिक, होम डिलीवरी, ई-कॉमर्स, कोरियर सर्विस और केबल सेवाओं को अनुमति दी गई है।

जयपुर: यहां लॉकडाउन की सख्ती पहले जैसी, क्योंकि हॉटस्पॉट है
कोरोना हॉटस्पॉट जयपुर को मोडिफाइड लॉकडाउन में राहत नहीं मिली, क्योंकि शहर कोरोना का हॉटस्पॉट बन गया है। अब तक शहर के 22 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लग चुका है। कुल 13 लाख आबादी इसकी गिरफ्त में है। परकोटे के 7 थानों को छोड़ें तो अन्य 15 थाना क्षेत्रों की 26 कॉलोनियां इसकी चपेट में आ चुकी हैं। ऐसे में जो इलाके कंटेंनमेंट नहीं हैं, उन्हीं इलाकों को कुछ राहत मिली है।
जोधपुर: 22 दिन में 48 राेगी थे, पिछले 7 दिन में 182 नए पाॅजिटिव सामने आए
कोरोना अब बेहद तेज गति से जोधपुर को चपेट में ले रहा है। पहला मरीज 22 मार्च काे सामने आया था। इसके 29 दिन में ही संक्रमिताें की संख्या 230 पहुंच चुकी है। इस दाैरान नागाैरी गेट और उदयमंदिर हाॅटस्पाॅट के रूप में सामने आए। इन दाेनाें ही क्षेत्राें में मिलाकर 125 मरीज हैं। यानी की ये पूरे शहर के संक्रमिताें का 54 प्रतिशत है। यहां पर कर्फ्यू लगाने और सर्वे, सैंपलिंग बढ़ाने जैसे कई कदम भी उठाए गए। लेकिन काेराेना यहीं नहीं रुका है। अब यह तेजी से भीतरी शहर काे चपेट में ले रहा है। सिर्फ 4 दिन में यह 100 के आंकड़े सीधे 200 के आंकड़े काे पार कर चुके हैं।

राजस्थान: जयपुर में संक्रमितों का आंकड़ा 500 पार
- राज्य के 33 जिलों में सबसे ज्यादा जयपुर में 545 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा जोधपुर में 276 (इसमें 46 ईरान से आए), भरतपुर में 102, कोटा में 101, टोंक में 95, बांसवाड़ा में 61, नागौर में 59, जैसलमेर में 46 (इसमें 14 ईरान से आए), झुंझुनूं में 39, बीकानेर में 37, भीलवाड़ा में 28 मरीज मिले हैं। उधर, झालावाड़ में 20, अजमेर में 24, चूरू में 14, दौसा में 13, अलवर में 7, डूंगरपुर और सवाईमाधोपुर में 5-5, उदयपुर में 4, करौली और हनुमानगढ़ में 3-3, प्रतापगढ़, सीकर और पाली में 2-2, जबकि बाड़मेर और धौलपुर में 1-1 कोरोना मरीज मिल चुके हैं।
- राजस्थान में कोरोना से अब तक 24 लोगों की मौत हुई। इसमें सबसे ज्यादा 14 मौतें जयपुर में हुई। वहीं, जोधपुर, भीलवाड़ा और कोटा में दो-दो की जान जा चुकी है। इसके अलावा नागौर, बीकानेर, अलवर, और टोंक में एक-एक की मौत हुई है। इनमें एक 13 साल की बच्ची है, बाकी सभी मृतकों की उम्र 47 साल से ज्यादा थी।

Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World