
एक्ट्रेस नेहा धूपिया को पिछले कुछ दिनों से सोशल मी़डिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। वजह है कि उन्होंने रोडीज के ऑडिशंस के दौरान एक कंटेस्टेंट को गाली दे दी थी। हाल ही में इसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें जज नेहा धूपिया एक कंटेस्टेंट की क्लास लगाती नजर आई थीं। दरअसल, कंटेस्टेंट ने नेहा और अन्य जजेस के सामने कहा था कि उनकी गर्लफ्रेंड उसे धोखा दे रही थी इसलिए उनसे उसे थप्पड़ मारा था। कंटेस्टेंट की ये बात सुनकर नेहा भड़क उठी और उन्होंने कंटेस्टेंट को गाली तक दे दी थी। इस वीडियो के वायरल होने के बाद नेहा की लगातार ट्रोलिंग हो रही है। अब इस मामले में उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ी है और सोशल मीडिया पर अपनी प्रितिक्रिया दी है।

नेहा ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘मैं पिछले 5 साल से रोडीज का हिस्सा हूं। इसने मुझे देश के सभी हिस्सों से एक टीम बनाने का मौका दिया। लेकिन पिछले 2 हफ्तों से जो कुछ ही हो रहा है उसे मैं स्वीकार नहीं करती हूं। हाल ही में एक एपिसोड में मैंने हिंसा के खिलाफ आवाज उठाई। एक लड़के ने बताया कि उसकी पार्टनर ने उसे धोखा दिया था। इसके बदले में लड़के ने लड़की के साथ मारपीट की। ये बात मुझे गलत लगी। मैं चीटिंग करने वालों का सपोर्ट नहीं करती हूं लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि मेरी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया।’
नेहा ने आगे लिखा कि हर शख्स की अपनी पसंद है। उसे इसका पूरा हक है कि वो अपनी पसंद-नापसंद के मुताबिक चले। मगर किसी के साथ मारपीट करना सही नहीं है। पिछले दो हफ्ते से मेरे पेज ही नहीं बल्कि मेरे परिवार, दोस्तों और टीम मेट्स को भी गाली वाले मैसेज आ रहे हैं। मेरे पिता का व्हाट्सएप भी गालियों से भरा पड़ा है। यहां तक कि मेरी बेटी के पेज पर लोग गालियां लिख रहे हैं और ये मुझे मंजूर नहीं है।
पोस्ट के अंत में नेहा ने कहा, ‘मैं महिलाओं के साथ मारपीट के खिलाफ हूं। चाहें जो भी हो मैं इसके खिलाफ हमेशा खड़ी रहूंगी। जाहिर है कि एक महिला के मुकाबले एक पुरुष के पास शारीरिक बल ज्यादा होता है। महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में एक बड़ी समस्या है। मैं लोगों से अपील करती हूं चाहे वह पुरुष हो या फिर महिला घरेलू हिंसा को लेकर खुद को शिक्षित करें। अगर आप इससे पीड़ित हैं तो खुद के लिए आवाज उठाए। आप अकेले नहीं हैं।’
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World