उत्तर प्रदेश के नोएडा में महिला ने अपने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाये है। पीड़ित महिला का आरोप है कि मकान मालिक किराया लेने के नाम पर घर में घुसा और पति की गैरमौजूदगी में उसके साथ दुष्कर्म किया। अब पीड़ित महिला ने सेक्टर 39 थाने में आरोपी मकान मालिक के खिलाफ दुष्कर्म तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना नोएडा के सेक्टर 37 के एक गांव की है। पुलिस को तहरीर में महिला ने बताया कि 10 अक्टूबर को जब उसका पति काम पर चला गया तो मकान मालिक घर आया। उसने पीड़िता को किराया देने को कहा। जब पीड़िता किराया लेकर आई तो उसने लेने से मना कर दिया और बोला कि बाद में ले लेगा संभाल कर रख दो। इस दौरान जब पीड़िता रुपए रखने वापस कमरे में गई तो वह पीछे से आ गया और कमरा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी ने उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पति के घर आने पर इस बात की जानकारी उसे दी। जिसके बाद पति ने पुलिस थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। वह वारदात के बाद से ही फरार है।