
पाकिस्तान में मंगलवार (17 मार्च) को कोरोना संक्रमण से पहली मौत दर्ज की गई। देश में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 237 पर पहुंच गया है। वहीं दक्षिण एशिया में 400 से ज्यादा मामलों की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान में वायरस से पहली मौत लाहौर में हुई। सिंध में 155, खैबर पख्तूनख्वा में 15, ब्लूचिस्तान में 10, गिलगित-बाल्टीस्तान में पांच, इस्लामाबाद में दो और पंजाब प्रांत में छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
पंजाब की स्वास्थ्य मंत्री यास्मीन राशिद ने कहा कि लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित हाफिजाबाद से लाए गए कोविड-19 के मरीज की मंगलवार को मौत हो गई। यह व्यक्ति 15 मार्च को मस्कट से लौटा था और संक्रमण की पुष्टि होने पर उसे लाहौर के मायो अस्पताल लाया गया था। राशिद ने कहा कि वायरस के प्रसार को रोकने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों, तीर्थस्थलों, सिनेमाघरों को बंद कर दिया गया है और सरकार मस्जिदों को बंद करने के फैसले पर विचार के लिए मौलवियों के संपर्क में है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जमाखोरों के खिलाफ भी अभियान छेड़ा है। पंजाब में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि करीब 780 संदिग्ध मरीजों को डेरा गाजी खान के विश्वविद्यालय में पृथक रखा गया है और इनमें से काफी लोगों में विशिष्ट लक्षण दिखाई दिए हैं।
हालांकि बाद में पंजाब के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदार ने बयान को खारिज कर दिया। मुख्यंत्री ने एक ट्वीट कर कहा कि जांच रिपोर्ट के अनुसार व्यक्ति की मौत कोरोना वायरस से नहीं हुई। अन्य उपायों के तहत पाकिस्तान ने पश्चिमी छोर पर अफगानिस्तान और ईरान की सीमा को बंद कर दिया है। साथ ही सभी शैक्षिक संस्थानों को भी पांच अप्रल तक बंद कर दिया है।
प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी मंगलवार (17 मार्च) को वीडियो लिंक के जरिये कैबिनेट बैठक की। चीन के वुहान शहर में दिसंबर में सामने आए कोरोना वायरस ने दुनियाभर के करीब 155 देशों को चपेट में ले लिया है। इससे दुनियाभर में करीब 182,406 लोग संक्रमित हैं जबकि 7,154 की मौत हो चुकी है।
डॉक्टरों ने इलाज नहीं करने की धमकी दी
पाकिस्तान में युवा डॉक्टरों ने धमकी दी है कि मेडिकल किट उपलब्ध नहीं होने पर वे मरीजों का इलाज नहीं करेंगे। धमकी के बाद पंजाब के अस्पतालों में 25 हजार किट मुहैया करवाई हैं। डेरागाजी खान में हाई अलर्ट जारी किया गया है। पाकिस्तान ने पश्चिमी छोर पर अफगानिस्तान और ईरान की सीमा को बंद करने का फैसला किया है। साथ ही सभी शैक्षिक संस्थानों को भी पांच अप्रैल तक बंद कर दिया है।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World