
दिल्ली और राजस्थान में कोरोना वायरस के संक्रमण का एक-एक नए मामले सामने आने के साथ ही देश में इसके पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। मंगलवार से लेकर बुधवार तक कुल 10 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। उधर, समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार सरकार ने 15 अप्रैल तक भारत में पर्यटन वीजा निलंबित करने की घोषणा की।
कोरोना से देश में मरनेवालों की संख्या 60
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक, अब तक दिल्ली में कोरोना वायरस के पांच, यूपी और केरल में नौ-नौ, कर्नाटक और महाराष्ट्र में चार-चार मामले सामने आए हैं। लद्दाख में भी दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। साथ ही कर्नाटक में एक मामला सामने आया है। इसके अलावा इटली के 16 पर्यटक भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मंगलवार से बुधवार तक सामने आए 10 नए मामलों को मिलाकर यह संख्या 60 पहुंच गई है।
केरल के नौ मामलो में वो तीन मरीज भी शामिल हैं जिन्हें पिछले महीने ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मरीजों से बात की। उनके मुताबिक, सभी संक्रमित लोगों की हालत स्थिर है और सुधार के संकेत दिख रहे हैं।
फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों की एंट्री पर बैन
दुनियाभर में संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच भारत ने मंगलवार को फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के नागरिकों के प्रवेश पर भी पाबंदी लगा दी और उनके अब तक जारी नियमित और ई-वीजा को स्थगित कर दिया है। आव्रजन ब्यूरो की ओर से कहा गया है कि फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के जिन नागरिकों ने अब तक देश में प्रवेश नहीं किया है, उनके 11 मार्च या उससे पहले जारी सभी नियमित (स्टीकर) वीजा/ई-वीजा निलंबित किए जाते हैं।
इसमें कहा गया कि ऐसे सभी विदेशी नागरिकों जिनका एक फरवरी या उसके बाद इन देशों की यात्रा का रिकॉर्ड है और उन्होंने अब तक भारत में प्रवेश नहीं किया है, तो उनके भी सभी वीजा निलंबित किए जाते हैं। भारत इटली, ईरान, दक्षिण कोरिया, जापान और चीन के नागरिकों के लिए पहले ही वीजा निलंबित कर चुका है।
इटली से आए 83 लोग मानेसर कैंप में भर्ती:
इटली में फंसे 83 यात्री बुधवार को एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली पहुंचे। इनमें 74 भारतीय और छह इतावली व तीन अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। सभी को 14 दिनों के लिए मानेसर स्थित सेना के पृथक कैंप में भेज दिया गया है। इनमें 40 पुरुष, 26 महिलाएं, 16 बच्चे और नवजात शामिल है। अगर इन सभी में 14 दिनों की तय अवधि में वायरस का कोई लक्षण नहीं मिलता है, तो इन्हें घर भेज दिया जाएगा।
जापानी पोत के यात्रियों की रिपोर्ट आज :
जापान में एहतियातन आबादी से दूर खड़े यात्री पोत डायमंड प्रिंस से आए 119 लोगों को दो सप्ताह तक अलग-थलग रखने की अवधि बुधवार को पूरी हो गई। उनकी अंतिम जांच रिपोर्ट गुरुवार को सामने आएगी। इसमें संक्रमण मुक्त सभी लोगों को घर भेज दिया जाएगा।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World