

नयी दिल्ली:देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान 1,684 नये मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 23 हजार के पार पहुंच गयी तथा इस दौरान इस संक्रमण के कारण 37 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 718 हो गया है।
देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना के अब तक कुल 23,077 मामलों की पुष्टि हुई है जिनमें 77 विदेशी मरीज शामिल हैं। कोरोना से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की रफ्तार भी तेज हुई है और पिछले 24 घंटों में कोरोना से संक्रमित 491 लोगों के स्वस्थ होने के साथ ऐसे लोगों की संख्या 4,749 पर पहुंच गयी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। कोरोना से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या में एक दिन में 778 की वृद्धि दर्ज की गयी और कुल आंकड़े 6,430 पर पहुंच गये। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 14 और लोगों की मौत के बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 283 हो गयी है। राज्य में 840 संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।
गुजरात में पिछले 24 घंटों के दौरान 217 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या के मामले में सूची में दूसरे स्थान पर बना हुआ है। गुजरात में संक्रमितों की कुल संख्या में 2,624 हो गयी है तथा नौ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 112 पर पहुंच गयी है।
इसके बाद देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली है जहां पिछले 24 घंटाें में 128 नये मामले दर्ज किये जाने के कारण अब तक कुल 2,376 लोग इस महामारी से संक्रमित हुए हैं तथा इस दौरान मरने वालों की संख्या दो बढ़कर 50 हो गयी है। राजधानी में कुल 808 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
वहीं राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान 74 नये मामले सामने आये है और इनका आंकड़ा बढ़कर 1,964 हो गया। राज्य में इस दौरान संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई और मरने वालों की संख्या 27 पर बनी रही।
तमिलनाडु में 54 नये संक्रमित सामने आये है और संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1,683 हो गई तथा राज्य में संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो बढ़कर 20 हो गयी। मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 107 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या 1,699 हो गयी तथा मरने वालों की संख्या तीन बढ़कर 80 हो गयी।
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में संक्रमण के 61 नये मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1510 हो गई है तथा इस दौरान तीन लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 24 हो गयी है और अभी तक 206 मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
तेलंगाना में इस दौरान 15 नये मामले सामने आये और संक्रमितों की कुल संख्या 960 हो गयी। राज्य में इस संक्रमण से पिछले 24 घंटों में एक व्यक्ति की मौत हुई है जिससे मरने वालों की संख्या में 24 हो गयी है। केरल में 447 लोग संक्रमित हुए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है।
दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 895 और कर्नाटक में 445 लोग संक्रमित हैं तथा इन राज्यों में क्रमश: 27 और 17 लोगों की मौत हुई है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 427 है और पांच लोगों की मौत हुुई है।
इसके अलावा पंजाब में 16, पश्चिम बंगाल में 15, हरियाणा, केरल और झारखंड में तीन-तीन, बिहार में दो तथा मेघालय, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World