सोनम कपूर फिल्मों से ब्रेक लेकर पति आनंद आहूजा के साथ लंदन गई थीं, लेकिन अब दोनों भारत लौट आए हैं। सोनम ने इस बात को लेकर हैरानी जताई कि लंदन एयरपोर्ट पर कोरोना वायरस को लेकर स्क्रीनिंग नहीं हो रही है। हालांकि, उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग व्यवस्था को लेकर भारत सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की। इन दिनों सोनम कपूर एक वजह के चलते सुर्खियों में हैं। बताया जा रहा है कि सोनम प्रेग्नेंट हैं और इस वजह से उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाकर रखी है।
दरअसल, कुछ दिनों पहले एक वेबपोर्टल ने अपनी रिपोर्ट में सोनम की प्रेग्नेंसी को लेकर दावा किया था। यह भी कहा बताया था कि प्रेग्नेंसी के कारण सोनम ने पिछले कुछ समय से एक भी फिल्म साइन नहीं की है। इसके अलावा वह पिछले कुछ समय से अवॉर्ड शो और इवेंट्स में भी नजर नहीं आईं। अब इस पर सोनम कपूर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
एक इंटरव्यू के दौरान सोनम ने प्रेग्नेंसी की खबरों को महज अफवाह बताया। सोनम ने कहा कि अगर ऐसा होगा तो वे खुद ही अनाउंस कर देंगी। उन्होंने कहा, मैं इस बारे में खुद ही सबको बताऊंगी और मैं प्रेग्नेंट नहीं हूं। इससे पहले भी सोनम कपूर प्रेग्नेंसी की अफवाहों के चलते सुर्खियों में थीं। एक इवेंट में सोनम ओवर साइज मैक्सी ड्रेस में नजर आईं थीं, जिसके बाद उनकी प्रेग्नेंसी की अटकलों ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया था। हालांकि, बाद में इस तरह की खबरें गलत साबित हुईं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनम पिछली बार फिल्म द जोया फैक्टर में नजर आई थीं। फिल्म में उन्होंने दुलकर सलमान के अपोजिट काम किया था। इसका निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है। फिल्म की कहानी जोया सोलंकी पर आधारित थी, जिसे भारतीय क्रिकेट टीम अपने लिए काफी लकी मानती है।