लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सरकार के अच्छे कार्यों के बारे में बताते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादवपिर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वह बेहद हताशा में हैं। इनकी हताशा इस कदर बढ़ गई है कि ये अब लोगों को हाथ की लकीरें दिखाते फिर रहे हैं। पार्टी प्रदेश प्रवक्ता डॉ चन्द्रमोहन ने कहा कि अखिलेश यादव का यह कहना कि उनकी हाथ की लकीरें देखकर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में 350 सीटें जीतने की भविष्यवाणी की गई है, यह बेहद हास्यास्पद कथन है , बल्कि अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं को दिलासा देने के लिए हाथ की लकीरों का सहारा ले रहे हैं।
उन्हें इस बात का अभास नहीं है कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किस कदर अपना पसीना बहाकर जनता की देखभाल की थी। इसी का नतीजा था कि भाजपा ने प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीती थीं। प्रदेश प्रवक्ता डॉ चन्द्रमोहन ने कहा कि अखिलेश के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी की सरकार के प्रति जनता की नाराजगी अभी तक बनी हुई है। जिसकी वजह से इस पार्टी के कार्यकर्ताओं को हमेशा जनता के बीच जाने में भय सताता रहता है। दूसरी ओर भाजपा सरकार के अच्छे कार्यों से जनता के बीच एक सकारात्मक माहौल बना है।
इससे बेहद डरे अखिलेश यादव अब हिंदू-मुसलमान के बीच दुराव पैदा कर केवल गंदी राजनीति पर उतर आए हैं। हालांकि प्रदेश की सम्मानित जनता को अखिलेश यादव की समाज को बांटने वाली राजनीति की पूरी तरह से पहचान हो चुकी है। यही वजह है कि जनता ने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा को 2014, 2017 व 2019 चुनाव दर चुनाव बुरी हार दी है।