
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान कर दिया है। रविवार को नोएडा में उन्होंने इसकी आधिकारिक घोषणा की। चंद्रेशेखर ने अपनी पार्टी का नाम आजाद समाज पार्टी (एएसपी) रखा है। सेक्टर 70 स्थित बसई गांव में संविधान की शपथ लेकर उन्होंने पार्टी गठन की घोषणा की। इस दौरान बसपा के कई नेता आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए। चंद्रशेखर की पार्टी के झंडे का रंग नीला रखा गया है। मायावती की पार्टी के झंडे का रंग भी नीला है।
पार्टी के नाम की घोषणा के समय बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। ये भी बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए और सदस्यता ग्रहण करने के लिए 28 पूर्व विधायक और 6 पूर्व सांसद भी पहंचे थे। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की आज जयंती है। वह 90 के दशक में देश में दलितों के प्रमुख नेता और चेहरा रहे। चंद्रशेखर ने पहले ही ऐलान किया था कि वे कांशीराम की जंयती पर अपनी राजनीतिक पार्टी का ऐलान करेंगे।
माना जा रहा है कि चंद्रशेखर का यह कदम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा करेगा और इससे एक नए समीकरण बन सकता है। कहा जा रहा है कि चंद्रशेखर मायावती के लिए मुश्किल बन सकते हैं। मायावती कई बार आरोप लगा चुकी हैं कि चंद्रशेखर सत्ताधारी दल के इशारे पर काम कर रहे हैं। मायावती और चंद्रशेखर एक ही जाति से आते हैं। दोनों जाटव समाज से संबंध रखते हैं। ऐसे में जाटव समाज के वोट में बंटवारे से सीधा नुकसान मायावती की बीएसपी को हो सकता है।
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर पहली बार सहारनपुर में हुई एक जातीय हिंसा के बाद चर्चा में आए थे। ठाकुरों और दलितों के बीच हुए संघर्ष में दलित समाज के युवाओं में चंद्रशखर लोकप्रिय बनकर उभरे थे।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World