Home / पोस्टमार्टम / महाराष्ट्र में एक दिन में 778 नए मामले, देशभर में 1400 नए मामले, एक दिन में 34 की गई जान

महाराष्ट्र में एक दिन में 778 नए मामले, देशभर में 1400 नए मामले, एक दिन में 34 की गई जान

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के लिहाज से गुरुवार का दिन महाराष्ट्र के लिए सबसे भयावह रहा। यहां एक ही दिन में 778 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 6,427 पर पहुंच गई। राज्य में इस वायरस के कारण 14 और लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 283 पर पहुंच गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक, देशभर में कोरोना के 1,229 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 21,700 हो गई है। कोरोना से बीते 24 घंटे में 34 लोगों की मौत हो गई जिसके साथ ही देशभर में मृतकों का आंकड़ा 686 हो गया है। हालांकि 4,324 लोग इस बीमारी से ठीक भी हुए हैं।

गुजरात में बिगड़ रहे हालात

गुजरात की हालत भी लगातार गंभीर होती जा रही है। 217 नए मरीजों के साथ यहां कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2,624 पर पहुंच गया है। अकेले अहमदाबाद में ही 151 नए मामले आए हैं। सूरत में 41 और वडोदरा में सात नए संक्रमित मिले हैं। नौ और लोगों की मौत के साथ यहां मृतकों की कुल संख्या 112 पर पहुंच गई है। 2,248 मरीजों के साथ दिल्ली तीसरा और 1,937 मरीजों के साथ राजस्थान चौथा सबसे ज्यादा मरीजों वाला राज्य है। गुरुवार को तमिलनाडु में 54 लोगों का टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। यहां मरीजों की कुल संख्या 1,683 पर पहुंच गई है। यहां चेन्नई में सबसे ज्यादा 400 संक्रमित हैं।

केरल में 23 हजार लोग निगरानी में

केरल में 10 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 447 पर पहुंच गया है। यहां करीब 23,000 लोग निगरानी में रखे गए हैं। दूसरी ओर, अंडमान निकोबार में भी गुरुवार को पांच नए मरीज मिले हैं। यहां संक्रमितों का आंकड़ा 22 हो गया है। इनमें से 10 लोगों का संबंध तब्लीगी जमात से है। जम्मू-कश्मीर में 20 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 427 हो गई है।

Check Also

मध्य प्रदेश को जंगल राज बनने से रोकिये: रंजन श्रीवास्तव / भोपाल

(अमृत कलश: 5) रंजन श्रीवास्तव/ भोपाल आपकी बात: 5 “हे सरकार ! प्रदेश को जंगल ...