लखनऊ : समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास विकास का न तो कोई विजन है और नहीं कोई योजना है। बड़ा सपना, बड़ा काम हो तभी देश के सबसे राज्य उत्तर प्रदेश का भला हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के जो बड़े-बड़े दावे कर रही है, उसकी सत्यता भी प्रमाणित करनी चाहिए।
योगी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा सपा की देन हैं। प्रचार में भी ईमानदारी होनी चाहिए। झूठा प्रचार नहीं करना चाहिए। राज्य में भाजपा सरकार जबसे बनी है, अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी है। अपने चुनाव घोषणा पत्र में उसने जो संकल्प लिए थे उसके प्रति भी भाजपा ईमानदार नहीं है। किसान, नौजवान, व्यापारी समेत समाज के सभी वर्गो के लोग परेशान है। महिलाओं और बच्चियों का जीवन सुरक्षित नहीं है। इसके अलावा नोटबंदी और जीएसटी ने उद्योगधंधों पर ताले लगवा दिए हैं और नौजवानों को बेरोजगारों की कतार में रख दिया है। कर्ज से बदहाल किसान आत्महत्या करने को मजबूर है।
यादव ने कहा कि भाजपा की राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर लेने पर जिन उपलब्धियों की चर्चा की है वे सब समाजवादी सरकार की देन हैं। अपनी कथित उपलब्धियों पर गप्प चलाने से पहले मुख्यमंत्री को संविधान की उस शपथ का भी स्मरण करना चाहिए जिसमें सत्यनिष्ठा के साथ रागद्वेष की भावना से परे कर्तव्य निर्वहन की प्रतिबद्धता है। भाजपा सरकार के मंत्रियों की चाहे जितनी बड़ी फौज उतार दें जनता के बीच वे कौन सी उपलब्धि गिनाने जाएंगे। ऐसा कुछ जमींनी स्तर पर हुआ ही नहीं है। भाजपा राज में अपराधी बेखौफ हैं, फर्जी एनकाउण्टर बड़ी तादाद में हुए हैं। बलात्कार, लूट, हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने के बजाय पिछड़ा और बीमारू प्रदेश बनता जा रहा है