
मदनपुरा इलाके से दो और लोहता से एक व्यक्ति के शुक्रवार शाम कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी पहुंच गए। पूरे इलाके में देर रात से ही कर्फ्यू जैसी कड़ाई करते हुए सभी को घरों में रहने की सख्त हिदायत दी गई।
मदनपुरा का जो व्यक्ति पॉजिटिव मिला है उसे बुधवार देर रात दशाश्वमेध पुलिस ने जबर्दस्ती पकड़कर जांच के लिए भेजा था। दूसरा पॉजिटिव व्यक्ति कर्नाटक का है। वह भी मदनपुरा में ही रुका था। लोहता में देवबन्द से आये तीन लोगों को जांच के लिए भेजा गया था। इनमें से एक पॉजिटिव मिला है। जैसे ही अस्पताल से इन तीनों के पॉजिटिव होने की जानकारी मिली, स्थानीय पुलिस बल के अलावा अन्य आसपास के थानों की फोर्स लगाकर पूरे इलाके को सील कर दिया गया।

मदनपुरा में किसी को भी बाहर न आने की हिदायत दी गई है। सील इलाके से किसी को भी बाहर नहीं आने दिया जाएगा। अगर कोई आता है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इन इलाकों में बाहरियों के जाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। लाउडस्पीकर के जरिये रात में ही पुलिस ने इसकी सूचना दे दी। बैरिकेडिंग कर इलाका पूरी तरह सील कर दिया गया है। सभी बैरिकेडिंग पॉइंट पर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है।
सर्विलांस से इनके लोकेशन ले रहे
तबलीगी जमात में शामिल होकर लौटे लोगों की पुलिस ट्रैवल हिस्ट्री खंगाल रही है। इसके लिए मोबाइल टावर और सर्विलांस की मदद ली जा रही है। इसमें सामने आया है कि तीनों बस से ही वाराणसी तक आये थे। प्रशासन को पहले देवबन्द से लौटने वालों की जानकारी हुई तो इन्हें ही क्वारंटीन कर जांच के लिए भेजा गया। इसी बीच सर्विलांस से ही मदनपुरा के लोगों की जानकारी पर उन्हें जांच के लिए भेजा गया।
अदलहाट में उतरा था कर्नाटक निवासी
कर्नाटक के जो व्यक्ति पॉजिटिव मिला है, बताया जा रहा है कि वह बस से मिर्जापुर के अदलहाट गया था। वहां से कई जगह घूमते और लोगों से मिलते हुए यहां मदनपुरा में आकर रुका। पुलिस इन सभी की ट्रेवल हिस्ट्री खंगाल रही है। यह भी पता कराया जा रहा है कि जानकारी के बाद भी कहीं किसी ने इन्हें छिपाया तो नहीं था।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World