

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार रात हरिपर्वत थाना क्षेत्र में पकड़ा गया एक चोर कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसे एक दुकान का शटर काटते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसका टेस्ट कराया तो वह कोरोना से संक्रमित मिला। चोर को पकड़ने वाले सिपाही और चालक को क्वारैंटाइन कर दिया गया है।
दरअसल, हरिपर्वत थाना क्षेत्र के शाह मार्केट स्थित एक दुकान का मालिक ने सीसीटीवी पर एक युवक को दुकान का ताला तोड़ते हुए देखा था। उसने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह शाह मार्केट में एक दुकान पर काम करता है। वह वजीरपुरा का रहने वाला है। वजीरपुरा हॉटस्पॉट है। उसे खांसी भी आ रही थी। संदिग्ध मानकर पुलिस ने उसका टेस्ट कराया। रविवार रात आई 14 लोगों की रिपोर्ट में चोर का नाम भी शामिल है। थाने को सैनिटाइज कराया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में सोमवार सुबह कोरोना के 12 नए मामले आए। केजीएमयू ने बताया कि दो लखनऊ और 10 आगरा में नए मरीज मिले हैं। इसके बाद आगरा में संक्रमितों की संख्या 250 पहुंच चुकी है। 50 जनपदों में अब तक 1100 कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। जिनमें 781 लोग तब्लीगी जमात के हैं। राहत की बात है कि अब तक 127 कोरोना पॉजिटिव मरीज ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं। इस तरह कुल 966 एक्टिव केस हैं। इससे पहले रविवार देर रात तक 125 नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World