Home / Slider / विदेशी अभिदाय (विनियमन) अधिनियम 2010 विषय पर संगोष्ठी

विदेशी अभिदाय (विनियमन) अधिनियम 2010 विषय पर संगोष्ठी

 प्रयागराज 

महर्षि भरद्वाज चार्टर्ड एकाउण्टेंट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में विदेशी अभिदाय (विनियमन) अधिनियम 2010 विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस गोष्ठी में शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड एकाउण्टेंटों ने विदेशी अभिदाय विनियमन अधिनियम (FCRA) 2010 के प्रावधानों एवं समाज में इसके दुरुपयोग को रोकने में चार्टर्ड एकाउण्टेंट्स की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता सीए• एस• बी• पाठक ने इस अधिनियम एवं इसके पूर्व एफसीआरए 76 के बनने की प्रक्रिया की पृष्ठभूमि की वर्ष 1963 से लेकर 1976 और वर्तमान अधिनियम के लागू होने के वर्ष 2011 तक की चर्चा की। यह स्पष्ट किया कि किन परिस्थितियों में इस अधिनियम की आवश्यकता सरकार ने महसूस की।

चर्चा को विस्तार देते हुए वक्ताओं ने वर्तमान एफ सी आर ए 2010 के प्रावधानों यथा- विदेशी अभिदाय (Foreign Contribution), विदेशी स्रोत, व्यक्ति (Person) आदि की अधिनियम में वर्णित परिभाषा, कौन विदेशी अंशदान ले सकता है, कौन नहीं ले सकता, प्रशासनिक व्यय की क्या सीमा है, वित्तीय खातों के रखरखाव के संबंध में उल्लिखित विशेष प्रावधान, विदेशी अभिदाय के लिए खोले गए खातों का संचालन, गृह मंत्रालय के fcra division को समय-समय पर भेजे जाने वाले विवरण, स्वैच्छिक संगठनों के पंजीयन का नवीनीकरण, FC-3C, FC-4 के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की गयी। समय-समय पर गृह मंत्रालय द्वारा इसके नियमों में किये गये संशोधनों पर भी विचार किया गया। 22 जून 2026 से किए गये नियमों में संशोधन एवं उसके प्रभाव की भी चर्चा की गयी जिसमे अब प्रमुख कार्यकारी, उद्देश्य एवं गतिविधियों की सूची पर बनाए गये नियमों तथा FC-6F की जमा करने की एक वर्ष की समय सीमा निर्धारित कर दी गई है।

गोष्ठी में वर्तमान संसद सत्र में चर्चा हेतु सूचीबद्ध विदेशी अभिदाय (विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 की आवश्यकता एवं परिणामों पर विचार किया गया।

गोष्ठी के प्रारंभ में एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए• डा• नवीन चन्द्र अग्रवाल ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा एसोसिएशन के गठन के उद्देश्य एवं विदेशी अभिदाय विनियमन अधिनियम 2010 विषय को चर्चा हेतु चुनने के महत्व एवं समाज पर पड़ने वाले दूरगामी परिणाम पर प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि ऐसा प्रतीत होता है की विदेशी धन राशि विभिन्न देशों में चुनी हुई सरकारों को पलटने में भी कारगर होती है।

गोष्ठी का संचालन सीए आर पी शुक्ल एवं धन्यवाद ज्ञापन सीए पल्लवी जैन ने किया।

इस गोष्ठी में शहर के चार्टर्ड एकाउण्टेंट्स अमित अग्रवाल, पीयूष कुमार केसरवानी, सचिन अग्रवाल, साक्षी खन्ना, पूजा अग्रवाल तुषार पाण्डेय मनीष अग्रवाल आदि ने प्रतिभागिता की।

गोष्ठी के प्रारंभ में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। समापन राष्ट्र गान के गायन के साथ हुआ।

Check Also

महर्षि भरद्वाज चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संगठन की गोष्ठी

महर्षि भरद्वाज चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संगठन द्वारा एक गोष्ठी का आयोजन होटल ‘प्रयाग इन’  में किया ...