
UP में निवेश हेतु उत्साहित अन्य देश
डॉ दिलीप अग्निहोत्री
उत्तर प्रदेश में विगत चार वर्षों के दौरान निवेश के अनुकूल माहौल बनाया गया। इससे यहां की रैंकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उछाल आया है। तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक ने निवेश प्रस्ताव जमीन पर उतर रहे है। पिछले कुछ समय में अनेक देशों के राजदूत लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर चुके है। इन सभी ने उत्तर प्रदेश में हो रहे सकारात्मक सुधार को सराहनीय बताया। कहा कि यहां निवेश की पर्याप्त संभावना है।
इन्होंने कहा कि वह संबंधित देश के यहां निवेश में सहयोग करेंगे। इस क्रम में योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर भारत में सूरीनाम गणराज्य की राजदूत सुश्री आशना कन्हाई ने शिष्टाचार भेंट की। सूरीनाम उन देशों में शामिल है,जिनके भारत के साथ सांस्कृतिक संबन्ध है। यहां भारतीय मूल कर लोग बहुसंख्यक है।
योगी आदित्यनाथ भारत की अर्थव्यवस्था को फाइव ट्रिलियन करने व आत्मनिर्भर भारत अभियान में उत्तर प्रदेश की भागीदारी पहले ही निर्धारित कर चुके है। उनकी सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। सूरीनाम की राजदूत से भी योगी आदित्यनाथ ने दोनों देशों के संबन्ध सुदृढ़ करने पर बल दिया। इसमें उत्तर प्रदेश भी सहभागी बनेगा। उन्होंने कहा कि सूरीनाम और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक,सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक सम्बन्ध मजबूत रहे हैं। दोनों देशों के लोगों और उनके पूर्वजों के माध्यम से सूरीनाम और उत्तर प्रदेश का हमेशा से गहरा रिश्ता रहा है।
सकारात्मक माहौल
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न सेक्टोरल पॉलिसियां निर्धारित की गई हैं। प्रदेश में विदेशों से निवेश को आकर्षित करने के लिए सकारात्मक माहौल स्थापित किया गया है। ‘ईज़ ऑफ डुइंग बिजनेस’ रैंकिंग में उत्तर प्रदेश का पूरे देश में द्वितीय स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र स्थित कुशीनगर में एक अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित किया जा रहा है। दूसरा अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा-नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर के जेवर में विकसित किया जा रहा है।
पर्यटन में संभावना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरीनाम और उत्तर प्रदेश के रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाये जाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। राज्य में वाराणसी,अयोध्या, मथुरा,प्रयागराज आदि तीर्थ स्थल हैं। ईको-टूरिज्म की दृष्टि से अनेक रमणीक स्थल, समृद्ध ऐतिहासिक विरासत तथा विविधतापूर्ण संस्कृति पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। प्रयागराज कुम्भ-2019 के सफल आयोजन की देश-विदेश में सराहना की गई।
सांस्कृतिक संबन्ध
सूरीनाम की राजदूत आशना कन्हाई ने कहा कि उत्तर प्रदेश सहित सम्पूर्ण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। कृषि विकास और संस्कृति के क्षेत्र में सूरीनाम और उत्तर प्रदेश परस्पर मिलकर कार्य कर सकते हैं। सूरीनाम के निवासियों की जड़ों व उनके पूर्वजों से सम्बन्धित स्थलों की खोज के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किये जा सकते हैं। इसी प्रकार सिस्टर सिटी और स्टेट के सम्बन्ध में भी कार्य किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में उत्तर प्रदेश में महत्वपूर्ण कार्य किये गये हैं।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World