

प्रयागराज।
वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान, पंचतत्व और सामाजिक जीवन के महत्व पर मंथन किया गया। श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष में महर्षि भरद्वाज वेद विद्यालय केसर भवन में आयोजन उल्लास के साथ मनाया गया।
मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर हरि दत्त शर्मा जी ने वेदों के अध्ययन हेतु बटुकों एवं उनके माता-पिता को बधाई दी । उन्होंने बताया वेद ऋषियों व मुनियों द्वारा प्रदत्त हैं जो ब्रह्मांड के रहस्य को दृष्टिगोचर करते हैं। प्रकृति, मनुष्य, राष्ट्र आदि का संचालन कैसे हो को वेदों में बताया गया है। यथर्व वेद में पृथ्वी की चर्चा है जिसमें वह भरण पोषण के लिए वस्तुएं उपलब्ध कराती है तो दूसरी ओर दंड भी देती है। वैदिक भाषा का प्रचार विदेश में भी हो रहा है और गीता आश्रम जर्मनी इटली फ्रांस जैसे देशों में स्थापित किए गए हैं।

उद्घाटन उद्बोधन में महानिर्वाणी अखाड़ा दारागंज के अध्यक्ष संत श्री यमुना पुरी जी महाराज ने पंचतत्व के महत्व से अवगत कराया एवं इस बात पर बल दिया कि उनके प्रति सम्मान और संरक्षण का भाव रखना चाहिए। सूर्य भगवान बुद्धि को और चंद्रमा मन को नियंत्रित करते हैं। सूर्य का प्रकाश शरीर पर प्रभाव डालता है जो अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है। वेदों से संस्कृति का उद्गम होता है जो प्राचीन काल से है।

उन्होंने आगे कहा जैसा अन्न ग्रहण करेंगे वैसा मन तैयार होगा। सम्मानित अतिथि डॉ विशाल धींगरा ने वेदों के गुण, रहस्य एवं व्यवहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वेद मानव जीवन और समाज को दिशा देने वाले ज्ञान के स्रोत हैं।
समिति के मंत्री डॉ नवीन चंद्र अग्रवाल ने माननीय अशोक सिंघल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का परिचय देते हुए प्रेरणादायक दृष्टांत प्रस्तुत किये। उन्होंने हिंदू समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को माध्यम चुना। आप संभ्रांत परिवार से इंजीनियर होते हुए भी संघ के समर्पित कार्यकर्ता रहे। आपके प्रयासों से सभी संतो को एक मंच पर लाया जाना संभव हो सका जिसने राम मंदिर आंदोलन को धार दी। वेदों की रक्षा हेतु आप विशेष रूप से प्रयत्नशील रहे।
अध्यक्ष डॉक्टर युगांतर पांडे ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया एवं अशोक सिंघल जी के वेदों के पठन-पाठन हेतु प्रयासों की सराहना की। प्रारंभ में वेद पूजन के उपरांत वंदे मातरम प्रस्तुत किया गया।
चारों वेदों का आचार्य प्रियांशु शुक्ला, दीपक अवस्थी, हरि ओम एवं ओमप्रकाश ने सस्वर पाठ किया।
संचालन प्रधानाचार्य प्रदीप जी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष डॉ सपन श्रीवास्तव जी ने किया। कार्यक्रम में आचार्य सुनील शर्मा, सूर्य प्रकाश उपाध्याय, राकेश श्रीवास्तव ने भी भाग लिया। कोषाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष केपी सिंह संगठन मंत्री राजेंद्र जी, समिति की सदस्य श्रीमती ज्योति अग्रवाल, अधिवक्ता नितिन अग्रवाल, सीए विभूति अग्रवाल, वैदिक विद्यार्थी आदि उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।

Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World