
प्रयागराज
“सही समय पर स्क्रीनिंग से कैंसर का इलाज सम्भव” : प्रो.(डा.) जी.एस तोमर
माघ मेला में आयुर्वेद चिकित्सालय में कैंसर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन
आयुर्वेद विभाग प्रयागराज एवं विश्व आयुर्वेद मिशन के संयुक्त तत्वावधान में विश्व केंसर दिवस के अवसर पर आज 4 फ़रवरी को माघ मेला शिविर में “ कैंसर जागरूकता एवं स्वास्थ्य संगोष्ठी” का आयोजन किया गया । जिसका उद्घाटन अपर मेला अधिकारी डॉ विवेक चतुर्वेदी एवं जगतगुरु वैदेही वल्लभाचार्य ने किया। डॉ चतुर्वेदी ने वर्तमान परिदृश्य में आयुर्वेद की बढ़ती लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार में आयुर्वेद चिकित्सकों को आगे आने का आह्वान किया । जगद्गुरु वैदेही बल्लभाचार्य ने अपने आशीर्वचन में विश्व केंसर दिवस के स्थान पर केंसर मुक्त दिवस मनाने की सलाह दी ।
इस अवसर पर रीजनल केंसर सेन्टर, कमला नेहरू मेमोरियल हॉस्पिटल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ सपन बी श्रीवास्तव बतौर मुख्य वक्ता ने कहा कि धूम्रपान व तंबाकू का अधिक सेवन करने से मुंह का कैंसर अधिक हो रहा है। युवावर्ग इससे अधिक पीड़ित है। वहीं पित्त की थैली में दूषित पेयजल व खाद्य सामग्रियों का सेवन करने से पत्थर एकत्रित होता जाता है। यही आगे चलकर कैंसर का स्वरूप ले लेता है। शरीर में कहीं दर्द है तो उसकी जांच कराएं, क्योंकि वह कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है।
विश्व आयुर्वेद मिशन के अध्यक्ष प्रो(डॉ०) जी एस तोमर ने कहा कि हर दो मिनट पर एक कैंसर मरीज की मौत हो जाती है, यह अत्यंत दुखद है । कैंसर से होने वाली अधिकतर मौतें तंबाकू और तंबाकू जनित पदार्थों के सेवन की वजह से होती हैं ।स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कैंसर से बच सकते हैं। कैंसर के प्रति जागरूकता एवं बचाव ही सबसे बेहतर इलाज है। तम्बाकू युक्त गुटका की लत को छुड़ाने के लिए डॉ तोमर ने धनिया, सोंफ, काली मिर्च, दालचीनी, छोटी व बड़ी इलायची आदि औषधियों को मिलाकर हर्बल गुटका तैयार किया है जिससे सैकड़ों लोग तम्बाकू युक्त गुटके से मुक्त हो सके हैं ।




Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World