Home / Slider / राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मकर संक्रांति पर सामाजिक समरसता का संदेश दिया

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मकर संक्रांति पर सामाजिक समरसता का संदेश दिया

सामाजिक समरसता का संदेश

डॉ दिलीप अग्निहोत्री

 

भारत के सभी पर्व उत्सव प्रकृति संरक्षण और सामाजिक समरसता के अनुरूप होते हैं. इनसे जहां एक ओर प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश मिलता है,दूसरी तरफ समाजिक समरसता का संदेश मिलता है. मकर संक्रांति भी इसी प्रकार का पर्व है. मकर संक्रांति भारत में विविध रूप से मनायी जाती है. इसमें भारतीय संस्कृति की विविधता झलकती है. लेकिन भाव भूमि समान है.पौष मास में जब सूर्य मकर राशि पर आता है तभी इस पर्व को मनाया जाता है। इस दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करता है। तमिलनाडु में इसे पोंगल नामक उत्सव के रूप में मनाया जाता हैं. कर्नाटक, केरल तथा आंध्र प्रदेश में इसे संक्रांति ही कहते हैं। इस पर्व को उत्तरायण भी कहते हैं। संक्रांति से सूर्य उत्तर दिशा की ओर अग्रसर होता है। उत्तरायण का यही भाव है. पृथ्वी का झुकाव हर छह माह तक निरंतर उतर ओर फिर छह माह दक्षिण की ओर बदलता रहता है। सूर्य का मकर राशि में प्रवेश मकर संक्रान्ति है. पौराणिक मान्यता के अनुसार ऋषि विश्वामित्र ने इस उत्सव का शुभारंभ किया था.

https://youtu.be/7qOYDwig8kc

महाभारत के अनुसार, पांडवों ने अपने वनवास की अवधि में मकर संक्रांति मनाई थी. देवी संक्रांति का उल्लेख भी मिलता है. कहा जाता है कि उन्होने राक्षस शंकरासुर का वध किया था। मकर संक्रांति के एक दिन बाद देवी ने राक्षस किंकरासुर का वध किया था.इस आधार पर संक्रांति के अगले दिन को किंक्रान कहा गया.

पौराणिक मान्यता के अनुसार शिव जी ने इस दिन विष्णु जी को आत्मज्ञान का दान दिया था। देवताओं के दिनों की गणना इस दिन से ही प्रारम्भ होती है। सूर्य जब दक्षिणायन में रहते है तो उस अवधि को देवताओं की रात्री व उतरायण के छ: माह को दिन कहा जाता है। महाभारत की कथा के अनुसार भीष्म पितामह ने अपनी देह त्यागने के लिये मकर संक्रान्ति का दिन ही चुना था। आज ही के दिन गंगा जी भगीरथ के पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होकर सागर में जा मिली थी। इसीलिए आज के दिन गंगा स्नान व तीर्थ स्थलों पर स्नान दान का विशेष महत्व माना गया है।

मकर संक्रान्ति के दिन से मौसम में बदलाव आना आरम्भ होता है। यही कारण है कि रातें छोटी व दिन बड़े होने लगते हैं। सूर्य के उतरी गोलार्द्ध की ओर जाने के कारण ग्रीष्म ऋतु का प्रारम्भ होता है। सूर्य के प्रकाश में गर्मी और तपन बढ़ने लगती है। इसके फलस्वरुप प्राणियों में चेतना और कार्यशक्ति का विकास होता है।

मकर संक्रान्ति के दिन देव भी धरती पर अवतरित होते हैं.अंधकार का नाश व प्रकाश का आगमन होता है. इस दिन पुण्य, दान, जप तथा धार्मिक अनुष्ठानों का अनन्य महत्व है। इस दिन गंगा स्नान व सूर्योपासना के बाद यथाशक्ति दान की महिमा बताई गई. इस पर्व में अंधकार से प्रकाश की ओर चलने और सामाजिक समरसता का विचार समाहित है.

https://youtu.be/s6qVGuXtzjo

मोहन भागवत ने कहा था कि सभी भारतीयों का डीएनए एक है। इसलिए सामाजिक समरसता का भाव रहना चाहिए। उपासना पद्धति में अंतर होने से भी इस विचार पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। भारत में तो प्राचीन काल से सभी मत पंथ व उपासना पद्धति को सम्मान दिया गया। सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयः ही भारत की विचार दृष्टि है। निःस्वार्थ सेवा और सामाजिक समरसता भारत की विशेषता रही है। सेवा कार्य में कोई भेदभाव नहीं होता।हमारी संस्कृति का आचरण सद्भाव पर आधारित है। यह हिंदुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में रहने वाले ईसाई और मुस्लिम परिवारों के भीतर भी यह भाव साफ देखा जा सकता है। एक सौ तीस करोड़ का समाज भारत माता का पुत्र है। हमारा बंधु है। क्रोध और अविवेक के कारण इसका लाभ लेने वाली अतिवादी ताकतों से सावधान रहना है। सेवा समरसता आज की आवश्यकता है। इस पर अमल होना चाहिए। इसी से श्रेष्ठ भारत की राह निर्मित होगी।वर्तमान परिस्थिति में आत्मसंयम और नियमों के पालन का भी महत्व है। समाज में सहयोग सद्भाव और समरसता का माहौल बनाना आवश्यक है। भारत ने दूसरे देशों की सहायता करता रहा है। क्योंकि यहीं हमारा विचार है।समस्त समाज की सर्वांगीण उन्नति ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। जब हिंदुत्व की बात आती है तो किसी अन्य पंथ के प्रति नफरत, कट्टरता या आतंक का विचार स्वतः समाप्त हो जाता है। तब वसुधैव कुटुंबकम व सर्वे भवन्तु सुखिनः का भाव ही जागृत होता है। भारत जब विश्व गुरु था,तब भी उसने किसी अन्य देश पर अपने विचार थोपने के प्रयास नहीं किये।

भारत शक्तिशाली था, तब भी तलवार के बल पर किसी को अपना मत त्यागने को विवश नहीं किया। दुनिया की अन्य सभ्यताओं से तुलना करें तो भारत बिल्कुल अलग दिखाई देता है। जिसने सभी पंथों को सम्मान दिया। सभी के बीच बंधुत्व का विचार दिया। ऐसे में भारत को शक्ति संम्पन्न बनाने की बात होती है तो उसमें विश्व के कल्याण का विचार ही समाहित होता है। भारत की प्रकृति मूलतः एकात्म है और समग्र है। अर्थात भारत संपूर्ण विश्व में अस्तित्व की एकता को मानता है।

इसलिए हम टुकड़ों में विचार नहीं करते। हम सभी का एक साथ विचार करते हैं। समाज का आचरण शुद्ध होना चाहिए। इसके लिए जो व्यवस्था है उसमें ही धर्म की भी व्यवस्था है। धर्म में सत्य, अहिंसा, अस्तेय ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह, शौच, स्वाध्याय, संतोष, तप को महत्व दिया गया। समरसता सद्भाव से देश का कल्याण होगा। हमारे संविधान के आधारभूत तत्व भी यही हैं। संविधान में उल्लेखित प्रस्तावना,नागरिक कर्तव्य,नागरिक अधिकार और नीति निर्देशक तत्व यही बताते हैं। जब भारत एवं भारत की संस्कृति के प्रति भक्ति जागती है व भारत के पूर्वजों की परंपरा के प्रति गौरव जागता है, तब सभी भेद तिरोहित हो जाते हैं।

भारत ही एकमात्र देश है, जहाँ पर सबके सब लोग बहुत समय से एक साथ रहते आए हैं। सबसे अधिक सुखी मुसलमान भारत देश के ही हैं। दुनिया में ऐसा कोई देश है, जहाँ उस देश के वासियों की सत्ता में दूसरा संप्रदाय रहा हो। हमारे यहाँ मुसलमान व ईसाई हैं। उन्हें तो यहाँ सारे अधिकार मिले हुए है।

योगी आदित्यनाथ ने भी कहा कि पूरे देश का डीएनए एक है। यह थ्योरी से प्रमाणित हुआ है। यहां आर्य द्रविण का विवाद झूठा और बेबुनियाद रहा है। भारत का डीएनए एक है। इसलिए भारत एक है। दुनिया की तमाम जातियां अपने मूल में ही समाप्त होती गई हैं। जबकि भारत में फलफूल रही हैं। पूरी दुनिया को भारत ने ही वसुधैव कुटुंबकम का भाव दिया है। इसलिए वह श्रेष्ठ है।प्रत्येक भारतीय को अपने पवित्र ग्रन्थों वेद, पुराण उपनिषद, रामायण महाभारत आदि की जानकारी है। भारतीय परम्परागत रूप से इन कथाओं को सुनते हुए,उनसे प्रेरित होते हुए आगे बढ़ता है।

आर्य बाहरी हैं कि थ्योरी कुटिल अंग्रेजों और वामपंथी इतिहासकारों की देन है। वेद,पुराण या हमारे अन्य ग्रन्थ यह नहीं कहते कि हम बाहर से आए हैं। हमारे ग्रन्थों में आर्य श्रेष्ठ के लिए और अनार्य दुराचारी के लिए कहा गया है। रामायण में माता सीता ने प्रभु श्रीराम की आर्यपुत्र कहकर संबोधित किया है। लेकिन कुटिल अंग्रेजों ने वामपंथी इतिहासकारों के माध्यम से इतिहास की पुस्तकों में यह पढ़वाया कि तुम आर्य बाहर से आए है। ऐसे ज्ञान से नागरिकों में माता भूमि पुत्रोह्म पृथिव्यां का भाव कैसे पैदा होगा। इतिहास के इस काले अध्याय के जरिये की गई कुत्सित चेष्ठा का परिणाम देश लंबे समय से भुगतता रहा है। इसीलिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भारत-श्रेष्ठ भारत का आह्वान करना पड़ा। नरेन्द्र मोदी के विरोध के पीछे एक ही बात है। उनके नेतृत्व में अयोध्या में पांच सौ वर्ष पुराने विवाद का समाधान हुआ है। विवाद खत्म होने से जिनके खाने कमाने का जरिया बंद हो गया है तो उन्हें अच्छा कैसे लगेगा। समाज जब विस्मृति के चंगुल में फंस जाता है तो वह फरेब का शिकार हो जाता है। भारतीयों के साथ भी यही हुआ। विवाद तो रामजन्मभूमि और ढांचे को लेकर भी खड़ा किया गया। ऐसे में भारतीयों को फरेब के चंगुल से बाहर निकालने को नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास और एक भारत-श्रेष्ठ भारत का मंत्र दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था जब चीन हमारी सीमाओं पर अतिक्रमण करता था और हम मौन रहते थे। आज सक्षम नेतृत्व ने डोकलाम में चीन को जो करारा जवाब दिया। हमारा समाज अब स्वाबलंबी व आत्मनिर्भर बन रहा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने मकर संक्रांति पर सामाजिक समरसता का संदेश दिया. कहा कि अमृत काल में मन, समाज और राष्ट्र की दुर्बलता को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। संघ देश के नव संक्रांति के जिस महाभियान को लेकर चल रहा है. समानता एवं समरसता के मंत्र को जीवन में उतारना चाहिए. इसी से हमारा समाज संगठित और शक्तिशाली बनेगा. भेदभाव के लिए समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए.सामाजिक कमजोरी का लाभ विदेशी आक्रमणकारी उठाते रहे हैं. भारत अब मजबूत हो रहा है. दुनिया में भारत का महत्त्व और प्रभाव बढ़ रहा है.

दत्तात्रेय जी ने कहा कि भारत का उत्थान अब प्रारंभ हो गया है. हर प्रकार के अंधकार को दूर करने प्रयास करना होगा। जीवन में प्रामाणिता, निःस्वार्थ बुद्धि, प्रयत्न और परिश्रम का भाव होना चाहिए. तभी भारत माता परम वैभव के पद पर पुनः प्रतिष्ठित होंगीं. समाज के हित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने की आवश्यता है. उन्होंने कहा कि उदार चरित्र वालों के लिए यह वसुधा कुटुंब होती है.भारतीय दर्शान ने कण कण में ईश्वर का वास माना है. यही भारतीय चिन्तन है. सृष्टि किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है। सूर्य, नदी, पेड़ बिना भेदभाव के लोगों को उपकृत करते हैं.

ऐसा ही भाव समाज के प्रति होना चाहिए. अपनी संस्कृति के प्रति गर्व होना चाहिए. उसके अनुरूप ही आचरण करना चाहिए. इसी में देश और समाज का कल्याण समाहित है. इसी में समरसता का विचार है. सरकार्यवाह होसबाले ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने त्याग और बलिदान करके देश को स्वतंत्र कराया . उन्होने देश को शक्तिशाली बनाने का सपना देखा था. इसको साकार करना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है.

भारतीय सभ्यता संस्कृति सर्वाधिक प्राचीन और शास्वत है. ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में हमारी गौरवशाली विरासत है. इसको समझने और उस पर गर्व करने की आवश्यकता है.

Check Also

अशोक सिंघल जी जन्म शताब्दी: :केसर भवन में उल्लास के साथ मनायी गयी

वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान और पंचतत्व   वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान, ...