Home / Slider / *देहावसान* – एक सोच: Death : A Truth or Thought…?

*देहावसान* – एक सोच: Death : A Truth or Thought…?

*देहावसान* – एक सोच 

Death a Truth or Thought

विमल

एक समय ऐसा आयेगा, जब शरीर साथ देना बंद कर देगा और सुधार की कोई संभावना नहीं रहेगी, तब कोई इलाज नहीं किया जाना चाहिए ।

न वेंटिलेटर, न ट्यूब, न अस्पताल की व्यर्थ भागदौड़…!

जीवन के अंतिम समय में शांति हो — जहाँ इलाज के ज़ोर से ज़्यादा समझदारी को प्राथमिकता दी जाए। मृत्यु एक प्राकृतिक, निश्चित और जैविक प्रक्रिया के क्रम में चलती है।

मैं यह मानता हूँ कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने मृत्यु को कभी एक स्वतंत्र अवधारणा के रूप में देखा ही नहीं। चिकित्सा का आग्रह यह रहा कि मृत्यु हमेशा किसी रोग के कारण ही होती है, और यदि रोग का इलाज हो जाए, तो मृत्यु को टाला जा सकता है।

लेकिन शरीर का विज्ञान इससे कहीं अलग एवं गहरा है।

शरीर कोई हमेशा चलने वाली मशीन नहीं है। यह एक सीमित प्रणाली है, जिसमें एक निश्चित जीवन-ऊर्जा होती है। यह ऊर्जा किसी टंकी से नहीं आती, बल्कि सूक्ष्म शरीर के माध्यम से आती है।

वही सूक्ष्म शरीर, जिसे हर कोई महसूस करता है, पर देख नहीं सकता। मन, बुद्धि, स्मृति और चेतना — इन सबका सम्मिलन ही यह प्रणाली बनाता है।

यह सूक्ष्म शरीर जीवन-ऊर्जा का प्रवेशद्वार है। यह ऊर्जा पूरे शरीर में फैलती है और शरीर को जीवित रखती है। हृदय की धड़कन, पाचन क्रिया, सोचने की क्षमता — ये सब उसी के आधार पर चलते हैं।

पर यह ऊर्जा असीमित नहीं है। हर शरीर में इसका एक निश्चित स्तर होता है। जैसे किसी यंत्र में लगी हुई फिक्स्ड बैटरी — न बढ़ाई जा सकती है, न घटाई जा सकती है।

“जितनी चाबी भरी राम ने, उतना चले खिलौना” — कुछ वैसा ही।

जब शरीर की यह ऊर्जा समाप्त हो जाती है, तब सूक्ष्म शरीर देह से अलग हो जाता है। वही क्षण होता है जब शरीर स्थिर हो जाता है, और हम कहते हैं, “प्राण चले गए”।

यह प्रक्रिया न किसी रोग से जुड़ी होती है, न किसी गलती से। यह शरीर की आंतरिक लय है — जो गर्भ में शुरू होती है, और पूरी होकर मृत्यु तक पहुँचती है।

इस ऊर्जा का खर्च हर पल होता है — हर कोशिका, हर अंग अपना जीवनकाल पूरा करता है। और जब पूरे शरीर का “कोटा” समाप्त हो जाता है, तब शरीर शांत हो जाता है।

मृत्यु का क्षण घड़ी से नहीं मापा जा सकता। वह एक जैविक समय होता है — जो हर किसी के लिए अलग होता है।

किसी का जीवन 35 साल में पूरा होता है, तो किसी का 90 साल में। पर दोनों ही अपनी संपूर्ण यात्रा करते हैं।

अगर हम उसे पराजय या ज़बरदस्ती न मानें, तो कोई भी अधूरा नहीं मरता।

जब आधुनिक चिकित्सा मृत्यु को टालने का हठ करती है, तब न सिर्फ मरीज़ का शरीर थकता है, बल्कि चिकित्सा पर हो रहे खर्च से पूरा परिवार भी टूट जाता है।

ICU में महीने भर की साँसों की कीमत कभी-कभी जीवन भर की जमा-पूँजी को खत्म कर देती है।

लोग कहते हैं — “अभी आशा है”, पर मरीज़ का शरीर पहले ही कह चुका होता है — “अब बस”।

इसलिए मैं कहता हूँ कि — “जब मेरी बारी आए, तो बस मुझे ऐसे अस्पताल ले जाइए, जहाँ इलाज के नाम पर कोई दीर्घकालिक कष्ट नहीं दिया जाएगा। मेरे शरीर को रोका नहीं जाएगा।

पर सवाल यह है — क्या हम सब ने अपने लिए ऐसा कुछ तय किया है?

क्या हमारा परिवार उस इच्छा का सम्मान करेगा? और जो करेंगे, क्या उन्हें समाज में सम्मान मिलेगा?

क्या अस्पतालों में ऐसी इच्छाओं का सम्मान होता है, या अब भी हर साँस पर बिल बनेगा और हर मृत्यु पर दोष? कि किसी ने उचित चिकित्सा व देखभाल नहीं की ।

यह इतना आसान नहीं है। तर्क और भावना का संतुलन साधना शायद सबसे कठिन कार्य है।

अगर हम मृत्यु को शांत, नियत और शरीर की आंतरिक गति से आई प्रक्रिया मानना सीख जाएँ, तो शायद मृत्यु का भय कम होगा, और डॉक्टरों से हमारी अपेक्षाएँ अधिक यथार्थवादी होंगी।

मेरे अनुसार, मृत्यु से लड़ना बंद करना चाहिए और उससे पहले जीवन के लिए तैयारी करनी चाहिए।

और जब वह क्षण आए — तो शांति से, सम्मान के साथ उसका सामना करना चाहिए।

बुद्ध की भाषा में कहें तो — मृत्यु जीवन की यात्रा का अगला चरण है।

विमल 

Check Also

वर्ष प्रतिपदा उत्सव एवं नवसंवत्सर कार्यक्रम का आयोजन किया गया

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से हिंदू नव वर्ष पर कार्यक्रम का आयोजन किया न्याय ...