
जीजीआईसी गोमतीनगर का संकल्प-‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’
उल्लासपूर्वक स्थापना दिवस मनाया गया, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, मेला और प्रदर्शनी लगी, पूर्व छात्राएं भी हुईं शामिल
लखनऊ ।
राजकीय बालिका इंटर कालेज, गोमतीनगर ने शनिवार को पूरे उत्साह और जोशो-खरोस के साथ अपना स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कालेज की छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम किये। यह विद्यालय का रजत जयंती वर्ष भी है। 25 वर्ष की यह शिक्षा यात्रा एक गौरव भरी यात्रा रही है। विद्यालय से पढ़कर निकली तमाम छात्राएं आजकल समाज और राष्ट्र जीवन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रही हैं।

पूरा कार्यक्रम दो सत्रों में सम्पन्न हुआ। इसका शुभारम्भ तमसो मा ज्योतिर्मय के उल्लासमय घोष के साथ हुआ। जैसे यह समवेत ध्वनि गूंजी, एक साथ सैकड़ों मोबाइलों की रोशनियां हाथों में जलते दीये की तरह झिलमिला उठीं। शिक्षा का यही उद्देश्य होता है। अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाना। बच्चों को ज्ञान की रोशनी से लैस करना। यह एक तरह से इसी उद्देश्य का सामूहिक संकल्प था। शिक्षण के सातत्य का, उसकी निरंतरता का संकल्प। इसके बाद छात्राओं ने अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अनूठे मौके पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कालेज की कई पूर्व छात्राएं भी मौजूद थीं। उन्होंने अपने जीवन के शिक्षाप्रद अनुभव सुनाये और छात्राओं को उनके भविष्य के प्रति आशावादी बने रहने और मेहनत करने की प्रेरणा दी। कई अन्य पूर्व छात्राएं जो यहां नहीं आ सकीं, गुगल मीट के माध्यम से आभासी तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुईं।
दूसरे सत्र में छात्राओं ने बाल मेले का आयोजन किया। मेले में खाने-पीने की चीजें थीं। हस्तशिल्प के सामानों और शिक्षण अधिगम सामग्री की प्रदर्शनी भी लगायी गयी थी। बच्चों ने मेले और प्रदर्शनी का खूब आनंद उठाया। इस मौके पर वर्ष 2022-23 में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाली छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। विद्यालय को इस मौके पर झालरों और गुब्बारों से खूबसूरत ढंग से सजाया गया था।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World