
सुशासन के लिए संवाद
डॉ दिलीप अग्निहोत्री

प्रजातांत्रिक व्यवस्था में सरकार के कार्यों व योजनाओं की जानकारी आमजन तक अवश्य पहुंचनी चाहिए। इसका दोहरा लाभ होता है। एक तो लोग विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकते है, दूसरा यह कि इसके मद्देनजर होने वाली कठिनाइयों या कमियों को वह सरकार तक पहुंचा सकते है। वैसे भी योगी आदित्यनाथ आमजन की कठिनाइयों के निवारण हेतु गम्भीर रहते है। अब इस योजना को ज्यादा व्यापक और प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके लिए पोर्टल की व्यवस्था की जा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रस्तावित पोर्टल पर सभी विभागों से सूचनाएं संकलित कर अपलोड की जाएगी।
ये लगातार अपडेट भी होती रहेंगी।सभी विभागों को सूचनाएं संकलित कर उन्हें पोर्टल पर अपडेट कराने के लिए नोडल अधिकारी नामित करेंगे। मुख्यमंत्री को भी इसका ब्यौरा प्रेषित किया जाएगा। सुशासन के लिए आमजन से सतत संवाद अपरिहार्य होता है। योगी ने इसे पहले से बेहतर और सुगम बनाने का निर्णय लिया है। उनके निर्देश पर सरकार के प्रस्तावित अत्याधुनिक और अपडेटेड पोर्टल यूपी माईगाव का प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा जनहित की योजनाओं, कार्यक्रमों इत्यादि की अद्यतन प्रगति तथा विभागों से सम्बन्धित अन्य आवश्यक जानकारी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएगी। जनता से सम्बन्धित अन्य आवश्यक सूचनाएं भी इस पोर्टल पर उपलब्ध करायी जाएंगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के लिए वर्तमान में संचालित पोर्टल एक लिंकिंग पोर्टल है, जिसे अब अपडेट करने की आवश्यकता है। प्रस्तावित नये पोर्टल पर सोशल मीडिया के उपयोग से जनता के साथ संवाद भी स्थापित किया जाएगा। पोर्टल की माॅनीटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय के उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी। इस अत्याधुनिक पोर्टल का निर्माण और संचालन सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग करेगा। इस प्रकार की व्यवस्था से आमजन को लाभ मिलेगा। इसके अलावा सरकारी मशीनरी की जबाबदेही बढ़ेगी।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World