
अभिनेत्री लारा दत्ता कॉमेडी-एक्शन वेब सीरीज ‘हंड्रेड’ में पहली बार एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हैं। उनका कहना है कि उनका चरित्र पुरुषों की दुनिया में जीवित रहने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। सीरीज में लारा को एसीपी सौम्या शुक्ला के रूप में देखा जाएगा। इसी बीच वेब सीरीज ‘हंड्रेड’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। लारा दत्ता ने अपने इंस्टाग्राम पर ट्रेलर को शेयर किया है, जो काफी पंसद किया जा रहा है। यह सीरीज लारा दत्ता और मराठी अभिनेत्री रिंकू राजगुरु की डिजिटल डेब्यू है।
बता दें कि रिंकू राजगुरु मराठी की ब्लॉकबस्टर फिल्म सैराट की हीरोइन रही हैं , जिसकी रीमेक ईशान खट्टर और जाह्नवी की फिल्म धड़क है। यह एक कॉमेडी एक्शन सीरीज है जिसकी कहानी दो विपरीत शख्सियत की महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। इस सीरीज में मुंबई के चॉल और गैंग भी देखने को मिलेंगे। इसे डिज्नी प्लस हॉटस्टार वीआईपी लेकर आ रहा है।
अपने इस सीरिज के बारे में लारा ने कहा, “यह शो एक शिथिल जोड़ी और उनके जीवन में आने वाली उथल पुथल की मजेदार और मनोरंजक कहानी है। निमार्ताओं ने बहुत ही मनोरंजक तरीके से एक्शन और ह्युमर को जीवंत करने के लिए शो की स्क्रिप्टिंग की है। उन्होंने आगे कहा, शो को हां कहने का मेरे पास कई कारण थे, उनमें से एक यह है कि मैंने कभी भी स्क्रीन पर पुलिस का किरदार नहीं निभाया है और मेरा किरदार पुरुषों की दुनिया में टिकने की पूरी कोशिश कर रहा है।
उसकी जिंदगी में लोगों का योगदान भी कम नहीं हैं, जिससे उसकी समस्या और जटिल हो जाती है। वास्तविक जीवन में वह मेरी तरह बिल्कुल नहीं है। यह रुचि नारायण, आशुतोष शाह और ताहिर शब्बीर द्वारा सह-निर्देशित है। कलाकारों में करण वाही, सुधांशु पांडेय, परमीत सेठी, रोहिणी हट्टनगीड़ी, अरुण नलावडे और मकरंद देशपांडे जैसे नाम शामिल हैं। आठ एपिसोड की यह सीरीज डिज्नी हॉटस्टार वीआईपी पर 25 अप्रैल को लॉन्च होगी।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World