Home / Slider / ” पत्रिका का जहाज डूब रहा था…”: कुदाल से कलम तक” : 67 : रामधनी द्विवेदी

” पत्रिका का जहाज डूब रहा था…”: कुदाल से कलम तक” : 67 : रामधनी द्विवेदी

“कुदाल से कलम तक”67
जब संगम ने बुलाया : 22

“पत्रिका का जहाज डूब रहा था..?”  

रामधनी द्विवेदी

पत्रिका का जहाज डूब रहा था लेकिन षड़यंत्रों की कमी नहीं थी। लोगों की अपनी अपनी महत्‍वाकांक्षाएं थीं। कोई संपादक बनना चाहता था तो कोई पैसे कमाना। घोष परिवार ने जो भी योजनाएं बनाईं, इसे संभालने की, वे सफल नहीं हुईं। कच्‍ची योजनाएं थीं जो अव्‍यावहारिक थीं। वह चाहते थे कि लोग पत्रिका में पैसे लगाएं, लेकिन पैसे लगाने वाले अपने हित चाहते थे। कोई प्रसिद्धि तो कोई आर्थिक लाभ। राजनेताओं, व्‍यापारियों, बिल्‍डर, मनी लेंडर्स सबसे लेने की कोशिश की गई। लेकिन कोई बिना स्‍वार्थ के पैसा लगाने के लिए तैयार नहीं था। कोई आता, थोड़े दिन रुकता और दाल गलती न देख कर खिसक लेता।

सबकी नजर पत्रिका ग्राउंड पर थी। यह जमीन 19 क्‍लाइव रोड (घोष परिवार का निजी बंगला) के बगल में ही थी और कई एकड़ की थी। यह इतना बड़ा मैदान था कि इसमें दो दो टीमें क्रिकेट मैच खेल लेतीं। घोष परिवार इसी का लालच देकर लोगों को चारा डालता लेकिन यह जमीन अभिशप्‍त थी और इसे न जाने कितनों के पास गिरवी रखा गया था। आज स्थिति यह है कि जमीन सरकार ने अपने अधिकार में ले ली है और उसपर सरकारी संपत्ति का बोर्ड लग गया है जहां आवासीय कालोनी की योजना बन गई है। 19 क्‍लाइव रोड का बंगला खंडहर हो गया है। घोष परिवार ने वहां से डेरा सालों पहले उठा लिया था। लोग उसके ईंटे छोड़ सब कुछ उठा ले गए हैं। पिछले दिनों मुनेश्‍वर मिश्र जी ने उसका जो चित्र भेजा, उसे देख कर दिल भर आया। कैसे दिन बदलते हैं। इसी बंगले में हम लोगों ने न जाने कितनी मीटिंग की है। तमाल बाबू की शादी का भोज खाया है और उनके बेटे के जन्‍म दिन की पार्टी की है।

आखिरी बार में फरवरी 1998 में इस बंगले में गया था, अमर उजाला में नौकरी मिलने पर तमाल बाबू को अपना इस्‍तीफा सौंपने। जाड़ों के दिन थे। उन्‍होंने बारजे की छत पर बैठाकर नाश्‍ता कराया, आंख मुलमुलाते हुए,विचित्र तरह से मुस्‍कुराते हुए मेरा इस्‍तीफा लिया, और यह कहते हुए कि मुझे अंदाज था कि आप चले जाएंगे। कुछ दिन और रूकने का आग्रह किया और लगभग एक घंटे बाद मैं वहा से निकला था। यह उस बंगले से जुड़ी मेरी आखिरी याद है। बंगले के आउटहाउस में एक पुराना कर्मचारी रहता था। प्रशासन ने उसे भी बाहर कर दिया है। सबय दिन जात न एक समान।पत्रिका का सूरज अस्‍त हो गया है। उसका प्रेस परिसर भी भूतों का डेरा जैसा है। कुछ पुराने परिवार उसमें रहते हैं। बाकी सब असह्य सन्‍नाटा में रहता है। क्‍या दिन आ गए।

पिछले दिनों तुहिन बाबू का देहांत हो गया। मैंने जब समाचार सुना तो अपने कोलकाता आफिस से उसे कनफर्म करने के लिए फोन किया। हमारे ब्‍यूरो चीफ ने बताया कि यहां कोई नहीं जानता कि वह कहां रहते थे, कब देहांत हुआ। वहां का पत्रकार जगत उन्‍हें जानता नहीं था। कहते हैं कि वह कहीं एक फ्लैट में रहते थे। बाद में केबी माथुर साहब ने बताया कि वह 72 साल के थे। इसी उम्र में उनके पिता कांग्रेस सांसद और बंगाल में कांग्रेस की सरकार में लगातार कई टर्म वित्‍त मंत्री रहे तरुण कांति घोष का भी देहांत हुआ था। तमाल भी बंगाल में कहीं रहते हैं। पता चला है कि उनका बेटा लंदन में सिटी बैंक में है।

माथुर साहब ने ही एक बार बताया था कि बंगाल के बारासात में घोष परिवार की जमींदारी बहुत बड़ी थी।कई बार वह वहां रुके थे और उनके गांव और घर को देखने के लिए माथुर साहब खुद कई बार जीप से गए थे। वहां बड़ी बडी झीलें थीं और झरने थे। कई फिल्‍मों की शूटिंग वहां हुई थी। घोष परिवार का वहां इतना प्रभाव था कि लोकसभा चुनाव में तरुण बाबू ने सीपीएम के नेता चित्‍त बसु को कई लाख मतों से हराया था। उनकी जीत अपने समय की कुछ बड़ी जीतों में थी।

क्रमशः

Check Also

अशोक सिंघल जी जन्म शताब्दी: :केसर भवन में उल्लास के साथ मनायी गयी

वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान और पंचतत्व   वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान, ...