
“कुदाल से कलम तक”68
जब संगम ने बुलाया : 23
“पत्रिका था..?”
रामधनी द्विवेदी
घोष परिवार की तीसरी पीढ़ी व्यावहारिक नहीं थी । इतना बड़ा साम्राज्य चलाने के लिए जो गुण होने चाहिए थे, वे उनमें नहीं थे। जब तक तुषार और उनके सुपुत्र तरुण बाबू रहे, सब कुछ बुलंदी पर था। लेकिन काल चक्र हमेशा घूमता रहता है। इसकी गति चक्रीय होती है, इसीसे इसे कालचक्र कहा गया है। जो कभी कोई शीर्ष पर होता है तो कभी वही नीचे आ जाता है। इसकी गति को रोका नहीं जा सकता।
इस परिवार में हमेशा चमक- दमक रही। जब दिन अच्छे थे तो फिजूलखर्ची बढ़ी हुई थी जिसने भी अर्थ व्यवस्था बिगाड़ी। कहते हैं न कि रस्सी जल जाती है लेकिन उसकी ऐंठन नहीं जाती। यही उनके साथ भी था।आमदनी कम होती जा रही थी लेकिन खर्च कम नहीं हो रहे थे। डूबते जहाज को बचाने के लिए उनकी जो भी योजनाएं बनीं वे अमल में नहीं आ सकीं। वे सोचते थे कि उनके नाम के कारण लोग उनसे जुड़ जाएंगे और पत्रिका समूह फिर अपनी बुलंदियों पर जा पहुंचेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इस परिवार ने केंद्र में बंगाल के मंत्रियों से संबंध बनाए हुए थे। जो भी रेल मंत्री बना चाहे वे जाफर शरीफ रहे हों या अब्दुल गनी खां चौधरी, उनसे इनकी निकटता बनी रही। प्रणब मुखर्जी से भी उनके बहुत निकट संबंध थे। इनसे गाहे-बगाहे मदद मिलती जाती थी लेकिन वह ऐसी नहीं थी कि प्रेस में जान फूंक सके। कभी- कभी ये मंत्री लोग भी अहैतुकी मदद कर देते। कई बार कानूनी पचड़ों से भी हस्तक्षेप कर बचाया।
रेल मंत्रियों से संबंध होने से रेलवे के विज्ञापन मिलते, प्रमुख ट्रेनों में एनआइपी और अमृत प्रभात अखबार लगते। इससे प्रचार तो होता लेकिन वह नाकाफी था। हां, तमाल बाबू को ट्रेन से घूमने का फ्री पास भी मिल जाता। उनका टूर बनता रहता। उनके लिए पत्रिका के कैशियर चाहे जैसे हो कहीं न कहीं से पैसे की व्यवस्था कर ही देते। जब आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई तब भी इनके टूर में कमी नहीं आती। इन सबके वावजूद इस परिवार के संस्कार अच्छे थे जो बड़े संस्कारी परिवारों में देखने को मिलते हैं। कुछ दूसरों की बताई,कुछ सुनी और कुछ अपने अनुभव बताता हूं।
शिवशंकर गोस्वामी ने एक घटना बताई थी। वह उन दिनों दिल्ली आफिस मे काम कर रहे थे। एक बार वह तरुण बाबू के बंगले पर थे। तरुण बाबू उन दिनों कांग्रेस के सांसद थे। दोपहर का समय था। वह किसी के साथ लंच ले रहे थे। उनकी आदत थी कि खाना खाने के बाद हाथ धोने के लिए एक नौकर चांदी के कटोरे में गर्म पानी लेकर आता, वह उसी में हाथ धोते फिर वही व्यक्ति तौलिया देता तो हाथ पोंछते।
जिस दिन की घटना गोस्वामी जी ने बताई,उसदिन हाथ धुलाने वाला नौकर पानी रखकर थोड़ी देर के लिए कहीं चला गया, यह सोच कर कि अभी खाना खत्म होने में समय है। जब तरूण बाबू ने खाना खा लिया तो हाथ धोने के लिए पानी का इंतजार करने लगे। गोस्वामी ने बताया कि मै जानता था कि उन्हें क्या चाहिए। वह पानी का कटोरा लेकर आगे बढ़ा दिए।
तरुण बाबू ने ध्यान नहीं दिया और हाथ धो लिया और जब उनकी निगाह उठी तो देखा कि गोस्वामी कटोरा लिए खड़े हैं। वह अचानक बोल पड़े- अरे गोस्वामी तुमने यह क्या किया, तुमने हाथ क्यों धुलवाया?
गोस्वामी भी अचकचा गए कि लगता है, कुछ गलती हो गई। वह बोले सर क्या हुआ?
तरुण बाबू ने कहा- अरे मुझे पाप लग गया। तुम ब्राह्मण हो, तुमसे मैं हाथ धुलवाकर पाप का भागी हो गया।
वह थोड़ा रुके और हाथ में पहनीं अंगूठी निकाल कर गोस्वामी को दे दिए और बोले कि इससे पाप का प्रायश्चित हो जाएगा।
गोस्वामी अंगूठी नहीं ले रहे थे लेकिन उन्होंने जबरन दे दी।
ब्राह्मणों का वह परिवार बहुत आदर करता था। एक बार की बात है, तब तमाल बाबू बहुत छोटे थे। पांच छह साल के रहे होंगे। उनके 19 क्लाइब रोड वाले बंगले पर बलिया के एक पांडे जी रहते थे जो बंगले की देखभाल करते थे। उन दिनों तरुण बाबू वहां आए थे। तमाल बचपन में बहुत शैतानी करते थे। एक बार उनकी शिकायत पांडे जी ने तरुण बाबू से कर दी जिसपर तमाल बाबू को उन्होने डांट दिया और तमाल रोने लगे।
तमाल को तरुण बाबू बहुत चाहते थे। उनको रोते देख कर उन्होने पांडे जी को डांटा कि आप बेमतब शिकायत करते हैं। देखिए मैने डांट दिया और तमाल रो रहा है।
फिर अचानक उनको याद आया कि अरे ये तो पांडे जी हैं। मैने तो ब्राह्मण का अनादर कर दिया!
वह पांडे जी का पैर छूकर माफी मांगने की कोशिश करने लगे और पांडे जी इस असहज स्थिति से बचने के लिए भागने लगे। आगे-आगे पांडे जी पीछे पीछे तरुण बाबू। पांडे जी ने कहा भी कि साहब आप मालिक हैं, ऐसा मत कीजिए।
वह बोले कि जब तक तुम मुझे माफ नहीं करोगे, मैं पैर छूकर ही मानूंगा। आखिर जब पांडे जी ने कहा कि साहब आपको माफ किया, तब वह माने।
एक बार जब प्रेस बंद था, तुहिन बाबू ने बंगले पर हम लोगों की बैठक बुलाई। कुल पांच-छह लोग ही थे। मैं, डीएन मुखर्जी, शायद एनके घोषाल और दो एक लोग और। उस दिन उनके पिता की बरसी थी। हम लोग सुबह बंगले पर पहुंचे थे और बात शुरू नहीं हुई थी।
तुहिन बाबू ने कहा कि आज मुझे बंगाल में होना चाहिए था, मेरे पिता जी की बरसी है लेकिन मैं प्रेस खोलने के प्रयास में वहां नहीं जा सका। मैं इस मौके पर परंपरा के अनुसार कुछ दान करना चाहता हूं।
उन्होंने दो पोटली मंगाई जिसमें कुछ आटा, चावल, दाल, फल, एक तौलिया और कुछ रुपये थे। इसे पूरब में सिद्धा (कहीं- कहीं सीधा) कहा जाता है। जब ब्राह्मणों को भोजन नहीं करा पाते तो लोग सिद्धा दे देते हैं।
तुहिन बाबू ने कहा कि हम दोनों भाई दो ब्राह्मणों को सिद्धा देंगे। एक बंगाली ब्राह्मण को, एक यूपी के ब्राह्मण को। डीएन मुखर्जी उम्र में बड़े हैं, इसलिए मैं उन्हें और तमाल रामधनी जी को।
मैंने कभी इस तरह सिद्धा या दान आदि नहीं लिया था। मैं मना भी नहीं कर सकता था। मालिकों की बात थी। तुहिन बाबू ने डीएन मुखर्जी को सिद्धा देने के बाद उनका पैर छुआ, तमाल बाबू ने मुझे देने के बाद हाथ जोड़ा तो तुहिन बाबू ने उनसे बंगला में कहा- पैर छूओ।
तमाल बाबू ने संकोच के साथ पैर छुआ लेकिन मैने आशीर्वाद मन से दिया, पीठ पर हाथ रखते हुए। (मैं एक समय तमाल बाबू के पसंद के लोगों में था लेकिन कुछ चुगलखोरों के कारण उनकी धारणा मेरे बारे में बदलने लगी थी। वह समझते थे कि मैं उनका आदमी नहीं हूं। एक बार जब गुलाटी परिवार पत्रिका देख रहा था तो मेरी गुलाटी बंधुओं से निकटता होने लगी, क्योंकि कई मामलों में उनकी राय लेनी होती, खासतौर से लायंस क्लब और व्यापारियों की खबरों के संदर्भ में, तो तमाल बाबू ने एक दिन मेरे कमरे में आकर पूछा- आप मेरे साथ हैं किे गुलाटीज के साथ?
मैने कहा यह पूछने की जरूरत क्यों आ गई?
मैंने कहा कि आपको मुझपर शक करने की जरूरत नहीं है। मैं न आपके साथ हूं, न गुलाटी के साथ, मैं पत्रिका के साथ हूं। जो भी अखबार चलाएगा, मैं उसके साथ हूं।

यह सुनकर वह अचकचा गए क्योंकि उन दिनों पैसा तो गुलाटी का ही लग रहा था।)
घर आकर मैने तौलिया तो रख लिया लेकिन दूसरा सामान एक अन्य ब्राह्मण को दे दिया।

खबरों को लेकर कभी अमृत प्रभात में मालिकों का दबाव नहीं रहा। जब लोक सभा चुनाव में हेमवती नंदन बहुगुणा और अमिताभ बच्चन इलाहाबाद सीट से आमने सामने थे, तो प्रचार के दौरान तरुण बाबू भी आए थे। वह बंगाली समुदाय के बीच नुक्कड़ सभाओं में भी जाते और भाषण करते। पहले दिन उनकी फोटो के साथ खबर छपी तो वह बांग्ला मिश्रित हिंदी में बोले- हमारा फोटो मत छापो। लोग सोचेगा कि अपने अखबार में अपनी फोटो छपाता है। दूसरे की फोटो और भाषण छापा करो। हमारा फोटो देखने के लिए कोई अखबार नहीं खरीदता।
दूसरे दिन फिर उनकी ही फोटो और खबर लगी। उन्होंने फिर नाराजगी जाहिर की तो फोटो लगना बंद हो गई। उनका कहना था कि अखबार सबका होता है। वह छापो जो लोग पसंद करें। अपनी फोटो और खबर नहीं।
क्रमशः

Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World