Home / Slider / मालिक का ब्रीफकेस लेकर चलना…! “: कुदाल से कलम तक” : 70 : रामधनी द्विवेदी

मालिक का ब्रीफकेस लेकर चलना…! “: कुदाल से कलम तक” : 70 : रामधनी द्विवेदी

“कुदाल से कलम तक”70
जब संगम ने बुलाया : 25

“मालिक का ब्रीफकेस लेकर चलना..!”  

वरिष्ठ पत्रकार रामधनी द्विवेदी

मैं तमाल बाबू के बंगले पर कभी बिना बुलाए नहीं गया। पत्रिका समूह के एकाध लोग नियमित वहां हाजिरी देते थे, घंटों उनका समय वहीं बीतता। संपादकीय के लोग भी थे। वह मालिकों की नजदीकी के मद में रहते। उनकी चाल ढाल तक बदली नजर आती। बाद में कुछ लोग और जाने लगे जिन्‍होने पहले से घुसपैठ किए लोगों को चलता कर दिया। लेकिन बाद में उनकी भी पोल खुल गई। तमाल बाबू को बाद में पता चला कि सभी लोग अपने- अपने स्‍वार्थ के लिए वहां डेरा डालते थे। वह, यही पहले समझ लेते तो कई चीजें बिगड़ने से बच जातीं।

एक बार तमाल बाबू को कुछ खतरा महसूस हुआ। वह अकेले बंगले पर रहते थे। मैने सलाह दी कि निजी बॉडीगार्ड रख लीजिए। उन्‍हें यह बात पसंद आई और हमारे फतेहपुर के संवाददाता हनुमंत सिंह ने, जो बाद में इलाहाबाद में ही संवाददाता हो गए थे, अपने एक भतीजे को उनके साथ कर दिया जो राइफल लिए हमेशा साथ रहता था।

हनुमंत सिंह फतेहपुर के संवाददाता थे। एक बार वह 25 हजार रुपये नकद लेकर एक विज्ञापन के साथ आए और उसकी खबर के साथ छपाना चाहा। शाम हो गई थी, नियमत: विज्ञापन दूसरे दिन ही छपना चाहिए था। उस समय आरडी खरे समाचार संपादक थे। मैं उनका डिप्‍टी था। उन्‍होंने देर होने के कारण उसे मना कर दिया।

हनुमंत की प्रतिष्‍ठा फंस गई थी। वह पार्टी को आश्वस्त करके आए थे कि विज्ञापन कल फतेहपुर में पढ़ने को मिलेगा। जब उनका आग्रह देखा तो मैने खुद प्रयास करके उसे छपवा दिया। तब से हनुमंत मेरे निकट हो गए। वह तेज थे। खबरों में आगे रहते। अपराध की खबर उनके पास अच्छीं रहतीं। बाद में जब सुनील सेठ बग्‍गा के निदेशकत्‍व में अमृत प्रभात का सांयकालीन अखबार छपने लगा तो वह पूरी तरह मुख्‍यालय में ही संवाददाता हो गए । उनका पीआर अच्‍छा था और लोगों से संपर्क बनाने और उस कायम रखने के साथ ही खबरें लिखने में माहिर थे ही । बड़ी-बड़ी खबरें लिखते, लेकिन खबरों में दम होती। उसे संपादित कर छोटा कर दिया जाता और छपने के लिए भेज दिया जाता।

बाद में तो उन्‍होनें सभी संवाददाताओं को मात दे दी। मालिक के निकट रहने के बाद भी खबर चाहे जितनी छोटी कर दी जाए, वह कभी बुरा नहीं मानते थे। बाद में तो उन्‍होनें सभी संवाददाताओं को मात दे दी। वह तमाल के इतने निकट आ गए कि पत्रिका महाप्रबंधक भी बन गए। उस कमरे में बैठने लगे जिसमें कभी माथुर साहब बैठते थे। बाद में जब सत्‍ता बदली तो फिर वह फतेहुपर चले गए और वहीं से यूएनआइ समाचार एजेंसी के लिए खबर देते हैं।

मुझे मालिकों के निकट रहने का अनुभव नहीं है। यह निकटता कभी नहीं बन पाई। बस औपचारिक संबंध ही रहे। जब मैं जनवार्ता में था तो बाबू भूलन सिंह के बेटे अमर नाथ सिंह से कुछ निकटता बढ़ी। लेकिन बाद में मैं आज में कानपुर चला आया तो वह भी खत्‍म हो गई। अमर नाथ सिंह शाम को मेरे रिपोर्टिंग के कमरे में आ जाते और कहते चलिए कुछ नाश्‍ता कर आएं।

दो एक बार तो ठीक लगा, लेकिन बाद में मैने कहा बाबू साहब शाम के समय काम बढ़ जाता है, मेरे आपके साथ चले जाने से बात बिगड़ जाएगी। मेरी नौकरी चली जाएगी।

तो वह बोलते चलिए कुछ नहीं होगा। लेकिन यह सब थोड़े दिनों ही चला। बाद में उनसे कम ही मुलाकात हुई।

एक बार मैं तमाल बाबू के साथ फंस गया। 1998 के जाड़े के दिन थे।जनवरी का महीना था,शायद। उसी साल फरवरी में मैने अमृत प्रभात छोड़ा था। सुबह नौ बजे के आसपास उनका फोन आया। बंगले पर आ जाइए।

मैंने कहा कि कोई खास बात है?, वह बोले, हां, जल्‍द आइए। मैने तब तक स्‍नान नहीं किया था। सोचा, कोई जरूरी काम होगा, तुरंत स्‍कूटर निकाली और बंगले पर पहुंचा। आधा घंटा लग गया। क्‍लाइब रोड मेरे यहां से छह- सात किमी था। वह नहा धोकर तैयार थे।

मैंने पूछा भी कि आप सुबह ही नहा लिए तो वह बोले कि मैं सोकर उठता हूं, फ्रेश होने के साथ ही नहा लेता हूं।

मुझे चाय पिलाई और थोड़ी देर में ड्राइवर मारुति वैन लेकर आ गया। मुझसे बोले चलिए।

मैं यह भी नहीं पूछ सका कि कहां? मैं उनके साथ बैठ गया। इधर-उधर की बात होने लगी। मैं इंतजार कर रहा था कि जिस बात के लिए बुलाए हैं, वह कहें लेकिन उन्‍हें तो कुछ कहना नहीं था। वह यमुना तट पर मनकामेश्‍वर मंदिर गए। भिखारियों को दस दस रुपये दिए और मंदिर में जाकर दर्शन किया। महंत जी से थोड़ी देर बात की। साथ-साथ मैं भी था। मैं पहली बार मनकामेश्‍वर मंदिर गया था। घोष परिवार की उस देवस्थान में बहुत आस्‍था थी। कहा जाता है कि वहां पूजा करने से मनोकामना पूरी होती है, इसी से उन्‍हें मनकामेश्‍वर कहा गया। वहां से निकलकर गौड़ीय मठ गये। वहां के बटुकों को भी दान देने के साथ उन्‍होंने दानपेटी में भी कुछ डाला और प्रमुख संन्‍यासी से बांग्‍ला में थोड़ी देर बतियाए। मैं तो बोर हो रहा था। इन सबमें तीन चार घंटे लग गए।

फिर वह किसी से मिलने जाने लगे तो मुझसे बोले देर तो नहीं हो रही है?

तो मैने कहा कि दो बज गए हैं, अभी नहाया भी नहीं है। आपका फोन आते ही चला आया था।

उन्‍होंने ड्राइवर से कहा कि इन्‍हें इनके घर छोड़ दो। मैंने कहा नहीं स्‍कूटर तो आपके बंगले पर है, उसे लेकर घर जाऊंगा नहीं तो शाम को दफ्तर कैसे जाऊंगा?

वह बोले ठीक है। इन्‍हें बंगले पर छोड़कर आ जाओ। मैं बंगले पर गया, स्‍कूटर ली और घर लौटा तो तीन बज गए थे, भूख लगी थी। बच्‍चे भी इंतजार कर रहे थे। उस दिन बिना नहाए ही खाना खाया। मालिकों के साथ चार घंटे इस तरह बीते। तब समझ में आया कि अन्‍य लोग भी इसी तरह उनके साथ रहते होंगे? साथ रहने पर कभी-कभी ऐसा भी करना पड़ता है, जो शायद आप न करना चाहें।

एक बार तुहिन बाबू कलकत्‍ता से ट्रेन से आ रहे थे। दफ्तर से लोग उन्‍हें रिसीव करने जा रहे थे। मुझसे भी कहा तो मैं भी चला गया। ट्रेन आई, तुहिन बाबू फर्स्‍ट क्‍लास कोच से उतरे, उनके पास कोई सामान नहीं था, सिर्फ एक पतले से ब्रीफकेस के अलावा। उनके उतरते ही एक सीनियर साथी ने वह ब्रीफकेस उनसे ले लिया। हालांकि वह खुद लेकर चलना चाहते थे, लेकिन आग्रह देख कर ब्रीफकेस पकड़ा दिया। जिसकी ऐसा करने की आदत नहीं है, उसे मालिक का ब्रीफकेस लेकर चलना अटपटा लग सकता है। लेकिन लोग करते हैं, बल्कि करना पड़ता है। मुझे ऐसा नहीं करना पड़ा, इसके लिए मैं ईश्‍वर का आभारी हूं। अपने किसी गुरुजन या वृद्ध व्‍यक्ति के सम्‍मान में उसकी सेवा करना, या मदद के लिए ऐसा करना अलग बात है और मालिक का ब्रीफकेस पकड़ना क्‍योंकि वह मालिक हैं, अलग बात है।

क्रमशः

Check Also

अशोक सिंघल जी जन्म शताब्दी: :केसर भवन में उल्लास के साथ मनायी गयी

वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान और पंचतत्व   वेद पूजन कार्यक्रम में वैदिक ज्ञान, ...