
“कुदाल से कलम तक”73
जब संगम ने बुलाया : 28
“दो-दो जगह पर एक साथ काम करने वाले लोग भी…!”
वरिष्ठ पत्रकार रामधनी द्विवेदी
दो बार अमृत प्रभात की बंदी के समय ऐसे अवसर भी आए जब अन्यत्र नौकरी के मौके मिले, लेकिन कई कारणों से मैने उसे ज्वाइन नहीं किया। पहला मौका माया पत्रिका से आया। वहां बाबूलाल शर्मा जी संपादक थे। वह मेरे मित्र थे। उनसे पारिवारिक संबंध था। बहुत प्यारे आदमी थे। वह मेरे मुहल्ले में ही दूसरी गली में रहते थे। उन्होंने एक बार प्रस्ताव रखा कि जब तक पत्रिका बंद है, माया में आ जाइए। मन लगे तो यहीं बने रहिए।
मैं कई बार माया प्रेस उनसे मिलने गया था। वहां मेरे अमृत प्रभात के साथी काम करते थे कल्याण चंद्र जायसवाल। वह गजब के व्यक्ति थे! न जाने कैसे दोनों जगह काम कर लेते थे। मैंने अपने जीवन में दो जगह नौकरी करने वाले दो ही लोग देखे- आज में ज्ञानेंद्र जी जो आज और दैनिक जागरण दोनों मे काम करते और यहां कल्याण चंद्र जायसवाल। वह प्राय: अमृत प्रभात में मिड शिफ्ट की या रात की ड्यूटी के लिए कहते। मिड शिफ्ट दो बजे के बाद शुरू होती वह चार बजे तक या कभी कभी उसके बाद भी पहुंचते। माया का काम करने के बाद। फिर यहां काम करते।
चूंकि उन दिनों अमृत प्रभात की स्थिति ठीक नहीं थी। समय से वेतन नहीं मिलता था तो कोई उन्हें लेट आने पर टोंकता भी नहीं। कभी- कभी तो वह कई दिन नहीं आते लेकिन हाजिरी रजिस्टर पर दस्तखत कर देते। जब इस पर मैं टोंकता तो कहते कि अरे भाई साहब न जाने कब इसका पैसा मिलेगा, हाजिरी ही लगी रहे कम से कम।
वह बिना इस्तीफा दिए, एक बार गौहाटी पूर्वांचल प्रहरी में ज्वाइन कर लिए थे। कई महीने मेडिकल ही देते रहे। अंत में वहां से आकर फिर यहां ज्वाइन कर लिए। पत्रिका का प्रबंधन इन मामलों में बहुत उदार था। जो लोग छोड़ कर चले जाते, लौटने पर फिर नौकरी मिल जाती।
इसी तरह एक बार कुछ लोग जबलपुर से हितवाद निकलने पर उसमें चले गए। 15 दिन बाद ही वहां से लौट आए, यह कहते हुए कि मन नहीं लगा वहां। जबकि हकीकत यह थी कि वह महर्षि महेश योगी के लोग शुरू कर रहे थे और वहां बहुत सख्ती थी। अमृत प्रभात के खुले माहौल में काम करने वाले वहां कैसे टिकते?
खैर कल्याणचंद्र जायसवाल, माया में जब भी मैं गया, टेबल पर पैर रख कर सोते हुए ही मिले। जगाने पर चौंक जाते। काम कुछ खास होता नहीं था। माया मासिक पत्रिका थी। हफ्ते में एकाध स्टोरी संपादित या रीराइट कर प्रूफ ठीक कर देना होता। उसमें काम ही कितना था। मुठ्ठीगंज में माया प्रेस की इमारत एक भूल भुलैया जैसी थी। कहीं से घुसिए और कहीं निकलिए। मैं जब भी जाता, रास्ता भूल जाता। वहीं से मनोरमा भी निकलती जिसमें मेरे मित्र सतीश टंडन भी काम करते थे।
बाबू लाल जी ने माया के मालिक और संपादक आलोक मित्र जी से बात कर ली तो मुझसे कहा कि आकर आप भी बात कर लें। मैं एक दिन दोपहर बाद वहां गया। थोड़ी देर बाबूलाल जी के पास बैठा फिर वह मुझे लेकर आलोक मित्रके पास गए। परिचय करा कर वह चले गए।
आलोक मित्र ने एक बार पूरी नजर से मुझे देखा फिर अपने कागज- पत्तर देखते हुए बात करने लगे। चाय के लिए भी चपरासी से कह दिया। कहां के रहने वाले हैं, अमृत प्रभात में किस पद पर हैं, क्या जिम्मेदारी है, कहां तक पढ़े हैं? आदि आदि पूछा। जब मैंने उन्हें बताया कि मैंने बीएससी करने के बाद प्राचीन इतिहास में एमए किया है और इलाहाबाद विवि मे शोध छात्र के रूप में रजिस्ट्रेशन भी कराया है तो वह बहुत खुश हुए। उन्होंने बताया कि वह भी प्राचीन भारतीय इतिहास के छात्र रहे हैं और आर्ट पर रिसर्च करना चाहते थे लेकिन नहीं कर पाए, प्रेस के काम में व्यस्त होने से मौका नहीं मिला। मेरे शोध का विषय पूछा तो मैंने बताया कि विष्णु पुराण का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक अध्ययन है।
वह खुश हुए। बोले- तो काम पर कब से आ रहे हैं?
मैं धर्मसंकट में पड़ गया, न पद की बात हुई न पैसे की। क्या जवाब दूं। पैसे की बात करने में बहुत संकोची हूं, कभी कह नहीं पाता इसलिए नुकसान भी उठाना पड़ता है। मैंने एक शर्त लगा दी। मैंने कहा कि मैं एक बजे तक होम्योपैथी क्लीनिक चलाता हूं, उसके बाद ही आ पाऊंगा।
वह इस पर भी राजी हो गए।बोले कोई बात नहीं आप जैसी सुविधा हो आइए और अपनी सुविधा से जाइए।
अब इस पर क्या कहता। मैंने यह कहते हुए, चलने के लिए कहा कि ठीक है मैं शर्मा जी को बता दूंगा। वह बोले ठीक है। जब काम शुरू करिएगा तो एक बार मुझसे जरूर मिलिएगा। मैने कहा ठीक है।
उनके यहां से निकल कर मैं शर्मा जी के यहां आया। वह बोले काफी लंबी बात हो गई। मैं आलोक मित्र के पास लगभग आधा घंटा से अधिक बैठा था। मैंने शर्मा जी का उनसे हुई पूरी बात बताई। वह बोले पैसे की बात मैं कर लूंगा। आप कल से आइए। मैंने कोई स्पष्ट बात नहीं की, बोला ठीक है, बताता हूं। मैं घर आ गया। मन में विचार आया कि बाबू लाल जी अभी मित्र हैं, माया में वह मेरे बॉस हो जाएंगे, मित्र जब बॉस हो जाएगा तो संबंध पूर्ववत रहेंगे, कहा नहीं जा सकता। और पैसे की भी स्पष्ट बात नहीं हुई। पता नहीं क्या दें, क्या न दें? माया में उन दिनों वेतन बहुत अच्छा नहीं था। और मैं वहां जाना टाल गया। जब दूसरी बंदी हुई तब भी इसी तरह की बात बढ़ी और मैं दोबार बात करने गया और फिर नहीं ज्वाइन किया।
बाद में माया की हाल पतली हो गई। भाइयों में बंटवारा हो गया। प्रेस और मकान तक में दीवारें खिंच गई। आपस में भाइयों में बहुत मुकदमेबाजी हुई, बाद में सब बिक गया। हासिमपुर का उनका भव्य मकान पहले बंटा फिर बिका। इलाहाबाद के दो बड़े बंगाली परिवारों—पत्रिका के घोष और माया के मित्र परिवार का हस्र अच्छा नहीं हुआ। एक बार अपने प्रकाशनों से हिंदी जगत पर छा जाने वाले दोनों प्रेस अब इतिहास की वस्तु रह गए हैं।
क्रमशः

Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World