Home / Slider / “कुदाल से कलम तक”: रामधनी द्विवेदी :1:

“कुदाल से कलम तक”: रामधनी द्विवेदी :1:

रामधनी द्विवेदी

आज जीवन के 71 वें वर्ष में जब कभी रुक कर थोड़ा पीछे की तरफ झांकता हूं तो सब कुछ सपना सा लगता है। सपना जो सोच कर नहीं देखा जाता। जिसमें आदमी कहां से शुरू हो कर कहां पहुंच जाता है? पता नहीं क्‍या-क्‍या घटित होता है? कभी उसमें कुछ दृश्‍य और लोग पहचाने से लगते हैं, तो कभी हम अनजाने लोक में भी विचरने लगते हैं। जगने पर असली दुनिया में आने पर जो देखें होते हैं,उसके सपना होने का बोध हेाता है। यदि सपना सुखद है तो मन को अच्‍छा लगता है, यदि दुखद है तो नींद में और जगने पर भी मन बोझिल जाता है। सुखद सपने बहुत दिनों तक याद रहते हैं, हम अपने अनुसार उनका विश्‍लेषण करते हैं और दुखद सपने कोई याद नहीं रखता, क्‍योंकि वह पीड़ा ही देते हैं। यही हमारी जिंदगी है। जब हम कभी रुक कर पीछे देखते हैं तो सुखद और दुखद दोनों बातें याद आती हैं। इनमें से किसी अपने को अलग भी नहीं किया जा सकता क्‍योंकि बिना ‘ दोनों ‘ के जिंदगी मुकम्‍मल भी तो नहीं होती। जिंदगी की धारा के ये दो किनारे हैं। बिना दोनों के साथ रहे जिंदगी अविरल नहीं होगी और उसमें थिराव आ जाएगा। तो मैं अपनी जिंदगी के दोनों पक्षों का सम्‍मान करते हुए उन्‍हें याद कर रहा हूं। जो अच्‍छा है, उसे भी और जो नहीं अच्‍छा है उसे भी, सुखद भी दुखद भी।
तो क्‍यों न अच्‍छे से शुरुआत हो। यह स्‍मृति में भी अधिक है और इसमें कहने को भी बहुत कुछ है। जो दुखद या अप्रिय है, वह भी कालक्रम में सामने आएगा। लेकिन मैं सबसे अनुनय करूंगा कि इसे मेरे जीवन के सहज घटनाक्रम की तरह ही देखें।
मैं बहुत ही सामान्‍य परिवार से हूं, मूलत: किसान रहा है मेरा परिवार। आज भी गांव में मेरे इस किसानी के अवशेष हैं, अवशेष इसलिए कि अब पूरी तरह किसानी नहीं होती। पहले पिता जी अवकाश ग्रहण के बाद और अब छोटा भाई गांव पर इसे देखता है। खुद खेती न कर अधिया पर कराई जाती है लेकिन कागजात में हम काश्‍तकार हैं। उस गांव से उठकर जीवन के प्रवाह में बहते-बहते कहां से कहां आ गया, कभी सोचता हूं तो जैसा पहले लिखा सब सपना ही लगता है। कभी सोचा भी न था कि गांव के खुले माहौल में पैदा और बढ़ा-बड़ा हुआ मैं दिल्‍ली-एनसीआर में बंद दीवारों के बीच कैद हो जाऊंगा। लेकिन वह भी अच्‍छा था, यह भी अच्‍छा है। जीवन के ये दो बिल्‍कुल विपरीत ध्रुव हैं जो मुझे परिपूर्ण बनाते हैं। कुदाल के बीच शुरू हुई जिंदगी ने हाथों में कलम पकड़ा दी और अब वह भी छूट गई और लैपटॉप ने उसका स्‍थान ले लिया। कुदाल से शुरू और कलम तक पहुंची इस यात्रा के पड़ावों पर आप भी मेरे साथ रहें, जो मैने देखा, जिया, भोगा उसके सहभागी बनें।

रामधनी द्विवेदी

लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं और दैनिक जागरण समाचार पत्र की कोर टीम के सदस्य हैं

भला यह भी कोई नाम हुआ, चक्‍के ! हमारे यहां पूरब में मिट्टी के ढेले को चक्‍का कहते हैं और चक्‍के उसका बहुवचन होता है। खेत में बहुत चक्‍के होते हैं। लेकिन हमाराचक्‍के कोई सामान्‍य गांव नहीं है। उत्‍तर प्रदेश के जौनपुर जिले की केराकत तहसील का मेरा गांव चक्‍के कोई ऐसा गांव नहीं है जिसकी पहचान बतानी हो। जो भी जौनपुर को जानता है, वहां रहा, पढ़ा है या नौकरी की है, वह चक्‍के को न जानता हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। और जो नहीं जानता, वह जौनपुर को नहीं जानता।

एक बार मेरी बेटी की शादी में शामिल होने मेरे कुछ साथी शिव शंकर गोस्वामी और चितरंजन सिंह लखनऊ से आ रहे थे। वे सोचे कि जौनपुर रेलवे स्‍टेशन पर उतर कर किसी से पूछेंगे कि कैसे चक्‍के पहुंचे? रेलवे स्‍टेशन पर उतर के एक व्‍यक्ति से उन्होंने पूछा कि चक्‍के जाना है।

ट्रेन अभी खड़ी थी और वे लोग प्लेटफॉर्म पर ही थे। उसने तुरंत कहा कि ट्रेन से क्‍यों उतर रहे हैं? अगला स्‍टेशन जलालगंज है, वहां उतर कर कोई सवारी कर चक्‍के चले जाइएगा। साथी लोग तुरंत ट्रेन में वापस चढ़े और जलालगंज उतरने पर स्‍टेशन पर ही एक रिक्‍शा वाला मिला। रात के आठ नौ बज गए थे। उससे पूछा कि ‘चक्‍के चलोगे?’

रिक्‍शे वाले ने कहा, “हां, किसके यहां चलना है?” मेरे साथी ने पिता जी का नाम बताया। रिक्‍शे वाला जो पड़ोस के ही गांव का था और आखिरी ट्रेन की सवारी के इंतजार में था, वह पिता जी को जानता था। उसने कहा कि आज उनके यहां शादी है, क्‍या आप लोग उसी में चल रहे हैं। साथी आश्‍चर्य में पड़ गए। वहां से मेरा गांव सात किमी था और रिक्‍शेवाला न सिर्फ मेरे गांव को बल्कि मेरे पिता जी को भी जानता था।  दोनों साथी उसी रिक्‍शे पर गांव पहुंचे, शादी में शामिल हुए, रिक्‍शावाला भी रुका, खाना खाने के बाद वापस गया।

थोड़ा बड़ी कथा हो गई, जो शायद अतिरेक भी लगे, लेकिन सच है और अपने गांव के परिचय के लिए यह जरूरी लगा। मेरे गांव में पीजी कॉलेज, पोस्‍ट आफिस, बैंक भी है। कॉलेज के कारण उसे सभी लोग जानते हैं। वह अब गांव न लगकर कस्‍बा लगता है। हाल में वहां जब मैंने एक छोटा जिम खुलने की बात सुनी तो बहुत आश्‍चर्य नहीं हुआ। हालांकि जिम में दो-एक ही उपकरण थे लेकिन जिम तो जिम !

शिक्षा के क्षेत्र में मेरे गांव का बहुत नाम है। किसी गांव में पीजी कालेज, बीएड कॉलेज, कन्‍या पाठशाला ( गर्ल्‍स इंटर कॉलेज) एक जूनियर हाईस्‍कूल, एक कान्‍वेंट स्‍कूल को होना किसी को भी चकित कर सकता है। लेकिन कोई चकित हो न हो, मैं अपने गांव को लेकर एक अलग नॉस्‍टैलिया फील करता हूं। मैंने अक्षरज्ञान इसी गांव के प्राइमरी स्‍कूल में पहले मिट्टी में और फिर पटरी पर लिखते हुए प्राप्‍त किया। यही अक्षरज्ञान मेरी पत्रकारिता का आधार है।
लेकिन जिस गांव में पैदा हुआ, वह आज जैसा नहीं था। वहां पहुंचने के लिए पक्‍की सड़क नहीं थी। बसें नहीं चलती थीं। आज तो बनारस के लिए एक बस मेरे गांव से दिन में दो चक्‍कर लगाती है और दिन भर में सैकड़ों कारें, ऑटो पों-पों करते चलते रहते हैं। बाइक की तो बात ही नहीं, उन्हें गिना भी नहीं जा सकता।
मैं जिस गांव में आपको ले चलना चाहता हूं, वहां पहुंचने के लिए जलालगंज से एक कच्‍ची सड़क थी। कच्‍ची माने मिट्टी की जिसके दोनों ओर आम के बड़े-बड़े पेड़ थे। यह थानागद्दी ( एक बाजार) से मडियाहूं तहसील तक जाती है। मैं बचपन से अब तक हजारों बार इस पर चल चुका हूं। पहले पैदल, फिर साइकिल से और अब बाइक, ऑटो और कार से भी। इससे जुड़ी स्‍मृति बचपन की उस समय की है जब हम लोग कानपुर से पिता जी और मां के साथ गर्मियों की छुट्टी में स्‍कूल बंद होने पर आते थे। कानपुर से लखनऊ आते और वहां जनता गाड़ी—उस समय बरेली से बक्‍सर जाने वाली फास्‍ट पैसेंजर जो अब बरेली से बनारस के बीच चलती है- मिलती, उसमें धक्‍के खाते हुए चढ़ते। जो पहले चढ़ जाता, उसे जगह मिल जाती नहीं तो कभी नीचे फर्श पर तो कभी किसी के साथ ताल-मेल कर जगह बनानी होती। रात भर का सफर होता और ट्रेन सुबह छह बजे के आसपास जलालगंज पहुंचाती तो मेरा आखिरी स्‍टेशन होता।

वहां से हम लोग पैदल ही गांव जाते। यदि सामान रहता तो किसी गांव के मजदूर को ले लेते जो ट्रंक सिर पर लाद कर गांव पहुंचा देता। मेरा पहला परिचय इस सड़क से उसी समय का है। जब घर पहुचते-पहुंचते पैर धूल से सन जाते, जूतों का रंग बदल जाता, तब समझते कि गांव आ गया।

सड़क तो अब भी है और थानागद्दी से मड़ियाहूं ही जाती है। (सड़कें कहीं जाती नहीं, वह लोगों को पहुंचाती हैं, लेकिन कहा जाता है कि यह फलां जगह से फलां जगह तक जाती है) लेकिन अब उसका नक्‍शा बदल गया है। वह पिच रोड हो गई है जो हर तीन-चार साल पर नई होती रहती है। अभी हाल में वह नए सिरे से बनी है जिसमें लगभग दो साल लग गए और लोगों को गिट्टी और धूल से होकर चलना पड़ा लेकिन उसके बाद से उसका रंग ही बदल गया है। वह अधिक चौड़ी हो गई है और पहले से अधिक समतल भी। अब ऑटो या बाइक से चलने पर हिचकोले नहीं लगते।

क्रमशः-2

 

Check Also

प्रयागराज की कवयित्री डॉ. नीलिमा मिश्रा ‘नीलम’ सम्मानित

कादंबरी समारोह 2026 जबलपुर में प्रयागराज की कवयित्री डॉ. नीलिमा मिश्रा ‘नीलम’ सम्मानित*  अखिल भारतीय ...