

साहित्य अकादेमी के वृत्तचित्र को मणिपुरी राज्य फिल्म पुरस्कार
मणिपुरी लेखक खुमन प्रकाश सिंह पर केंद्रित है वृत्तचित्र
नई दिल्ली 27अप्रैल 2024।
15वें मणिपुर स्टेट फिल्म अवॉर्ड्स का वितरण आज मणिपुर की माननीय राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके के कर कमलों द्वारा इंफाल में किया गया। इस अवसर पर मणिपुर सरकार के मुख्य सचिव डॉ विनीत जोशी भी उपस्थित थे । इस समारोह में साहित्य अकादेमी द्वारा निर्मित और अरिबम स्याम सरमा द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र “खुमन प्रकाश सिंह” को वर्ष 2023 के लिए “सर्वश्रेष्ठ जीवनी / कला और संस्कृति फिल्म” श्रेणी के तहत 15वें मणिपुर राज्य फिल्म पुरस्कार से नवाजा गया है।पुरस्कार साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने ग्रहण किया।
ज्ञात हो कि यह वृत्तचित्र साहित्य अकादेमी की भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना के अंतर्गत निर्मित 164वाँ वृत्तचित्र था। उक्त जानकारी देते हुए साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने बताया कि
साहित्य अकादेमी द्वारा 1997 में शुरू हुई भारतीय साहित्य अभिलेखागार परियोजना का उद्देश्य महत्त्वपूर्ण लेखकों और साहित्य से जुड़ी बहुमूल्य सामग्रियों को एकत्र और संरक्षित करने के साथ ही अकादेमी द्वारा मान्यता प्राप्त सभी भाषाओं के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रतिष्ठित भारतीय लेखकों और विद्वानों पर वृत्तचित्रों का निर्माण करना भी है। अकादेमी ने अब तक अमृता प्रीतम, विंदा करंदीकर, गोपालकृष्ण अडिगा, डी. जयकांतन, धर्मवीर भारती, विजय दान देथा, मुल्क राज आनंद, कुर्रतुलऐन हैदर, वैकम मुहम्मद बशीर, रहमान राही, महाश्वेता देवी, एम.के. बिनोदिनी, अशोक मित्रन, निर्मल वर्मा, मनोहर राय सरदेसाई , रस्किन बॉन्ड, सी. नारायण रेड्डी आदि सहित अनेक प्रख्यात भारतीय लेखकों पर 169 वृत्तचित्रों का निर्माण किया है ।
Virendra Mishra: Delhi Bureau
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World