
नाटक “किराए का मकान” की धमाकेदार प्रस्तुति
माध्यम संस्थान की ओर से उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र की मासिक नाट्य योजना के अंतर्गत शुक्रवार को हास्य नाटक “किराए का मकान” की धमाकेदार प्रस्तुति की गई । अरसे के बाद सांस्कृतिक केंद्र का प्रेक्षागृह ठहाकों से गूंज उठा ।
सतीश डे द्वारा लिखित इस नाटक का कुशल निर्देशन विनय श्रीवास्तव ने किया । कलाकारों ने अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया ।
वस्तुतः इस नाटक में मकान मालिक के निधन के बाद उसके दो नौकर प्रीतम और बालम उसके एक ही कमरे को एक युवती तथा एक युवक दोनों को किराए पर दे देते हैं । युवक रात में नौकरी करता है और युवती दिन में । कुछ दिनों तक तो दोनों किरायेदारों का सामना नहीं होता, किंतु बीच-बीच में हास्यास्पद स्थितियां उत्पन्न होती रहती हैं और दोनों नौकरों प्रीतम व बालम की होशियारी उन्हें ही चक्कर में डालती रहती है । अंत में जब उनकी होशियारी का खुलासा होता है तो प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता है ।
कलाकारों में सिद्धार्थ मिश्रा (साजन), अनूप श्रीवास्तव (प्रीतम), चंकी बच्चन (बालम), दिव्या शुक्ला (मंजूबाला), विपिन गौड़ (ताराचंद्र), और कृष्णा यादव (धनीराम) ने अपने बेहतरीन अभिनय से खूब हंसाया । संगीत संयोजन -रिभू श्रीवास्तव, प्रकाश परिकल्पना सुजाॅय घोषाल, रूप सज्जा – अभिजीत चौधरी, वस्त्र विन्यास – अंशु श्रीवास्तव, मंच परिकल्पना – जगदीश प्रसाद गौड़, मंच सामग्री – ओम श्रीवास्तव, जनसंपर्क- राहुल बरन, प्रस्तुति सहायक – सुधीर सिन्हा व शोभा शुक्ला, उद्घोषणा – अनुश्री पॉल और प्रस्तुति डॉ अशोक कुमार शुक्ल की रही ।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World