
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ!
मैं हिंद देश की भाषा हूँ ।
गौरवशाली परिभाषा है।।
माँ संस्कृत से जन्मा मुझको,
मैं बहुजन की अभिलाषा हूँ ।।
मैं भारत माँ की बिंदी हूँ ,
मैं हिंदी हूँ, मैं हिन्दी हूँ।।
मैं जन गण मन अधिनायक हूँ,
मैं संस्कृति की परिचायक हूँ ।
बावन वर्णों से सजी हुई ,
मैं सरल-सरस सुखदायक हूँ ।।
पाली-प्राकृत में जिंदी हूँ ,
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ।।
मैं तुलसी का हूँ रामचरित,
अवधी-बुंदेली ललित- कलित।
मैं सूरदास का गायन हूँ,
मैं आर्यभट्ट का गणित-फलित ।।
मैं फ़तहगढ़ी सरहिंदी हूँ,
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ ।।
मैं गंगा जैसी पावन हूँ ,
मैं मीरा सी मनभावन हूँ ।
मुझमें रसखान,बिहारी हैं,
मैं रस- छंदों का सावन हूँ ।।
मैं दोहों की कालिंदी हूं ,
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ।
मैं हूँ कबीर की मस्ती में,
भारत की बस्ती-बस्ती में ।
मैं भारतेन्दु की निज भाषा,
इतिहास अमर हर हस्ती में।।
मैं स्वतंत्रता की बिंदी हूँ ,
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ ।
मैं राजनीति की मारी हूँ,
मैं दक्षिण में भी प्यारी हूँ।
मैं राजकाज की भाषा हूँ,
मैं अब भी मगर कुँवारी हूँ ।
अंग्रेज़ी कहती चिंदी हूँ ।
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ ।
मैं पंत निराला के मन में ,
मैं माखन,नीरज -बच्चन में।
मैं दिनकर जैसी ओजस्वी,
जयशंकर के विरहा मन में ।
मैं झाँसी की रणचंडी हूँ ।
मैं हिन्दी हूँ, मैं हिन्दी हूँ ।
मैं मुक्तक चौपाई कविता,
मैं जौहर में जलती वनिता ।
मैं केशव की हूँ रसिक प्रिया
मैं वीणा पुस्तक हूँ सविता ।।
मैं सिंधु से बदली सिंधी हूँ ।
मैं हिन्दी हूँ मैं हिन्दी हूं ।
मैं कर्मभूमि का पानी हूँ ,
मैं चेतक सी अभिमानी हूँ ।
मैं बालगीत कहती सुंदर,
मैं मछली जल की रानी हूँ ।
अम्मा की प्यारी बिंदी हूँ ।
मैं हिन्दी हूँ मैं हिन्दी हूँ।
डा० नीलिमा मिश्रा
प्रयागराज
परिचय –
नाम – डा० नीलिमा मिश्रा, कवयित्री/ शायरा
शिक्षा- एम० ए० , पी० एच० डी० इलाहाबाद विश्वविद्यालय
शिक्षिका – केन्द्रीय विद्यालय आई० आई० आई० टी० झलवा, प्रयागराज
पता- 3ए लाउदर रोड साउथ मलाका प्रयागराज उ० प्र०
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World