
मोदी योगी जुगलबंदी का निहितार्थ
डॉ दिलीप अग्निहोत्री
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने पहली बार लखनऊ में दो दिन तक प्रवास किया। उनकी यात्रा आंतरिक सुरक्षा संबन्धी कॉन्फ्रेंस से संबंधित थी। इसमें उन्होंने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किये। इनका राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्व रहा। क्योंकि इसमें ऐसे अनेक मसले समाहित रहे जिनका संबन्ध अन्य देशों से भी संबंधित है। इसके दृष्टिगत विश्व समुदाय को भी साझा प्रयास करने होंगे।

नरेन्द्र मोदी राजभवन में रुके थे। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य लोगों से विचार विमर्श भी किया। यह जाहिर है कि उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव होंगे। नरेंद्र मोदी के साथ उनकी जुगलबंदी बेहतरीन डबल इंजन सरकार का प्रमाण है। प्रधानमंत्री के लखनऊ प्रवास का मुख्य विषय आंतरिक सुरक्षा था। इस संबन्ध में योगी आदित्यनाथ सरकार का योगदान शानदार रहा है। उनका भूमाफिया विरोधी अभियान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित है। अवैध निर्मांण पर बुलडोजर चलवाने और अवैध सम्पत्ति पर सरकारी कब्जे का ऐसा अभियान पहले नहीं देखा गया। नरेंद्र मोदी स्वयं अपने भाषणों में इसका उल्लेख करते है। लखनऊ में प्रधानमंत्री को उत्तर प्रदेश में राष्ट्रविरोधी संगठनों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से भी अवगत कराया गया। यहां एटीएस और एसटीएफ शांति व्यवस्था बिगाड़ने की साजिश रचने वाले संगठनों पर घुसपैठियों को सबक सिखा रही है। उन पर नकेल कसी जा रही है। इसके साथ ही माफिया और भू माफियाओं के खिलाफ अभियान भी संचालित किया जा रहा है।

लखनऊ पहुंचने के ठीक पहले प्रधानमंत्री ने महोबा व झांसी में योगी आदित्यनाथ को कर्मयोगी बताया था। उनकी नीतियों व कार्यशैली की जम कर सराहना की थी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यपद्धति के कारण अर्जुन सहायक परियोजना वर्षों तक अधूरी पड़ी रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेश में सरकार बनने के बाद इस परियोजना पर काम की गति बढ़ाई गई। आज यह बुन्देलखण्ड के लोगों को समर्पित की जा रही है। मसगांव चिल्ली स्प्रिंकलर योजना जैसी आधुनिक तकनीक का लोकार्पण,सिंचाई में आ रही आधुनिकता को दिखाता है। पहली बार बुन्देलखण्ड के लोग यहां के विकास के लिए कार्य करने वाली सरकार को देख रहे हैं। केन बेतवा लिंक से भविष्य में यहां के लाखों किसानों को लाभ होने वाला है। प्रदेश के मुख्यमंत्री की सरकार ने बीते चार वर्ष के दौरान बुन्देलखण्ड की अनेक परियोजनाओं पर कार्य शुरू करवाया है। बुन्देलखण्ड में जल जीवन मिशन के तहत तेजी से कार्य हो रहा है।विन्ध्य क्षेत्र में पाइप से हर घर में पानी पहुंचे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डबल इंजन की सरकार ने स्कूल में बेटियों के लिए अलग टॉयलेट बनाए। उत्तर प्रदेश के एक लाख से अधिक स्कूलों,हजारों आंगनबाड़ी केन्द्रों तक नल से जल पहुंचाया गया। गरीब का कल्याण ही सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे ही और इतनी तेजी से ही काम किया जा रहा है। विगत वर्षों में बारह सिंचाई परियोजनाएं पूर्ण की गईं। हर घर नल परियोजना को लागू किया गया। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस वे का कार्य प्रगति पर है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस कार्यशैली से ही योगी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में चार दशकों की जापानी बुखार समस्या का समाधान किया हैं। चालीस वर्षों से कहर बनी इस बीमारी पर मात्र चार वर्षों में पंचानबे प्रतिशत तक नियंत्रण स्थापित किया गया। इसी कार्यशैली से बयालीस योजनाओं में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर पहुंच गया। पहले उत्तर प्रदेश पिछड़ा और बीमारू माना जाता था। अब विकास के कीर्तिमान कायम हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में जरूरतमन्दों को खाद्यान्न वितरण,आवास शौचालय,निःशुल्क गैस कनेक्शन व विद्युत कनेक्शन,आयुष्मान भारत,प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इससे उन सभी का जीवन अब अधिक सुविधापूर्ण हो गया है। उत्तर प्रदेश में हाई-वे, एक्सप्रेस वे,डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर,डिफेंस कॉरिडोर के कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। खेती से जुड़े कार्याें को भी पूरी सतर्कता से जारी रखा गया। बीज, खाद,उपज बेचने के उचित प्रबन्ध किये जाने से किसानों ने रिकॉर्ड उत्पादन किया। योगी सरकार ने विगत चार वर्षाें में किसानों से उनकी उपज के खरीद के हर साल नये रिकॉर्ड बनाये। गेहूं और धान की खरीद में इस साल पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दो गुनी संख्या में किसानों से खरीद की गयी। उत्तर प्रदेश में अभी तक सत्रह लाख से अधिक ग्रामीण एवं शहरी परिवारों को पक्के घर,लाखों गरीब परिवारों को घर में ही शौचालय की सुविधा,लगभग डेढ़ करोड़ गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन एवं लाखों परिवारों को बिजली कनेक्शन दिये गये। उत्तर प्रदेश में हर घर नल पहुंचाने का कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
विगत दो सालों में सत्ताईस लाख ग्रामीण परिवारों तक पाइप से पानी पहुंचाया जा चुका है। कोरोना के कारण बनी परिस्थितियों में रेहड़ी, ठेला लगाने वालों की आजीविका पटरी पर लाने के लिए स्वनिधि योजना के अंतर्गत बैंकों से जोड़ा गया। बहुत कम समय में ही योजना के दस लाख लाभार्थियों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई। अपराधियों में भय, गरीबों को सताने और अवैध कब्जा करने वालों में डर पैदा हुआ है। उत्तर प्रदेश में सार्थक बदलाव की शुरुआत हुई है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनता के हिस्से का एक एक पैसा जनता के खाते में पहुंचे। उत्तर प्रदेश निवेश का केन्द्र बन रहा है। बड़ी कम्पनियां उत्तर प्रदेश में आने के लिए लालायित हो रही हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर के मेगा प्रोजेक्ट बन रहे हैं। इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर निर्मित हो रहे हैं। देश के अस्सी करोड़ गरीब लोगों को पिछले एक साल से अधिक समय से निःशुल्क राशन मिल रहा है।

Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World