
नहीं रहे लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार वीर विक्रम बहादुर मिश्र
पत्रकारों ने शोक जताया
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार वीर विक्रम बहादुर मिश्र नहीं रहे। उन्होंने आज सायं करीब साढ़े पांच बजे अंतिम सांस ली। वह लगभग 89 वर्ष के थे।
वरिष्ठ पत्रकार श्री मिश्र का स्वास्थ्य आज सायं करीब पांच बजे अचानक खराब हुआ। उन्हें तत्काल लोकबंधु चिकित्सालय ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
श्री मिश्र ने लगभग 35 वर्ष तक स्वतंत्र भारत दैनिक अखबार में सेवा की। वे वहां से विशेष संवाददाता के पद से सेवानिवृत् हुए। श्री मिश्र जीवन भर एक ही समाचार पत्र स्वतंत्र भारत में रहे। वे वर्ष 2001 से 2004 तक उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
वीर विक्रम बहादुर मिश्र हिन्दी को पत्रकारिता में धार्मिक रिपोर्टिंग आरंभ करने के लिए याद किया जाएगा। मृदुभाषी और रामचरित मानस के मर्मज्ञ श्री मिश्र ने स्वतंत्र भारत में धार्मिक पत्रकारिता शुरु करने के लिए एक विशेष कालम रमते राम शुरु किया था। इसके बाद उन्हें लखनऊ के पत्रकारिता जगत में रमते राम ही कहा जाने लगा था।
वीर विक्रम बहादुर मिश्र आरंभ में कथाओं की भी रिपोर्टिंग करते थे, बाद में रामचरित मानस के गहन अध्ययन कर मानस पर भी लिखना शुरु किया। उन्होंने लम्बे समय तक स्वतंत्र भारत के विशेष संवाददाता रहते हुए राजनीतिक रिपोर्टिंग की। उनके कई राजनेताओं से गहरे संबंध रहे।
श्री मिश्र के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके पुत्र आशीष मिश्र इंडिया टुडे पत्रिका में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने वीर विक्रम बहादुर मिश्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी वीर विक्रम बहादुर मिश्र के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के कोषाध्यक्ष व लखनऊ जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार त्रिपाठी, एलजेए उपाध्यक्ष अभिषेक रंजन, मो. ईनाम खान, महामंत्री विजय आनंद वर्मा एवं संगठन मंत्री मोहम्मद फहीम,त्रिनाथ शर्मा ने वीर विक्रम बहादुर मिश्र के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा है कि वीर विक्रम बहादुर मिश्र जैसा सात्विक व लेखनी का धनी पत्रकार मिलना अब मुश्किल है।
श्री वीर विक्रम बहादुर मिश्र का अंतिम संस्कार आज 11 अक्टूबर को लखनऊ के भैंसा कुंड में पूर्वाह्न 11 बजे होगा।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World