Home / Slider / SMS परिसर में स्थापित हुई स्पोकन ट्यूटोरियल स्किल एक्सेलरेटर लैब
SMS परिसर में स्थापित हुई स्पोकन ट्यूटोरियल स्किल एक्सेलरेटर लैब

*एसएमएस लखनऊ ने स्पोकन ट्यूटोरियल, एडूपिरामिड्स एवं साइन, आईआईटी बॉम्बे के साथ किया समझौता ज्ञापन (MoU)*
*परिसर में स्थापित हुई स्पोकन ट्यूटोरियल स्किल एक्सेलरेटर लैब*
लखनऊ, 4 जून 2026।
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), लखनऊ ने स्पोकन ट्यूटोरियल, एडूपिरामिड्स एवं साइन (SINE), आईआईटी बॉम्बे के साथ एक प्रतिष्ठित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस सहयोग का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों के तकनीकी कौशल का विकास करना तथा उन्हें उद्योगोन्मुखी एवं रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ना है।
समझौता ज्ञापन पर एसएमएस लखनऊ की ओर से निदेशक डॉ. आशीष भटनागर तथा स्पोकन ट्यूटोरियल, एडूपिरामिड्स एवं साइन, आईआईटी बॉम्बे की ओर से श्रीमती रेनू सिंह, प्रशिक्षण प्रबंधक ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर एसएमएस परिसर में स्थापित स्पोकन ट्यूटोरियल स्किल एक्सेलरेटर लैब का उद्घाटन श्रीमती रेनू सिंह द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में तकनीकी दक्षता और रोजगारपरक कौशल सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ओपन-सोर्स प्रौद्योगिकियों के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होने का आह्वान किया।
समझौते के अंतर्गत स्पोकन ट्यूटोरियल द्वारा 125 से अधिक ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर पाठ्यक्रमों एवं शिक्षण मॉड्यूल्स तक पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र, शिक्षक एवं कर्मचारी संरचित प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रमों में भाग लेकर व्यावहारिक तकनीकी कौशल अर्जित कर सकेंगे। सफल प्रतिभागियों को आईआईटी बॉम्बे द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।
समारोह के उपरांत अपने वक्तव्य में एसएमएस लखनऊ के सीईओ एवं सचिव श्री शरद सिंह ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए संपूर्ण एसएमएस परिवार को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान उद्योग एवं समाज की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल, नवाचारी एवं सक्षम मानव संसाधन तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

इस अवसर पर निदेशक डॉ. आशीष भटनागर ने कहा कि आईआईटी बॉम्बे जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के सहयोग से स्थापित यह पहल तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी नवाचार आधारित शिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं डिजिटल दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. भरत राज सिंह, निदेशक जनरल (तकनीकी) ने विशेष रूप से ग्रामीण एवं अर्धशहरी पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के लिए स्पोकन ट्यूटोरियल कार्यक्रमों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के संप्रेषण कौशल, तकनीकी दक्षता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की व्यावसायिक एवं तकनीकी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के लिए तैयार करेगी।
कार्यक्रम में डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर, डॉ. पी. के. सिंह, डीन–स्टूडेंट वेलफेयर, मुख्य महाप्रबंधक, विभिन्न विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह सहयोग एसएमएस लखनऊ की गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का एक सशक्त उदाहरण है।
#एसएमएसलखनऊ Smslucknow 2026-06-04
Tags #एसएमएसलखनऊ Smslucknow
Check Also
कादंबरी समारोह 2026 जबलपुर में प्रयागराज की कवयित्री डॉ. नीलिमा मिश्रा ‘नीलम’ सम्मानित* अखिल भारतीय ...