Home / Slider / “महिला ने स्वीकार किया कि बच्चा उसके पति का नहीं”

“महिला ने स्वीकार किया कि बच्चा उसके पति का नहीं”

Extramarital relationship विवाहेतर संबंध को लेकर supreme court ने एक अहम फैसला दिया है. इसमें कहा गया है कि विवाहेतर संबंध में अगर पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध बनाती है और वह उस आदमी के बच्चे की मां बनती है, लेकिन उस बच्चे का कानूनी पिता महिला का पति ही होगा. 

सुप्रीम कोर्ट ने इसके साथ एक और बात कही है कि यह बात तभी लागू होती है जब पति-पत्नी की शादी चल रही होती है और दोनों के बीच संबंध बना हुआ हो.

यह सनसनीखेज मामला केरल का है. शादीशुदा जिंदगी में पत्नी एक दूसरे पुरुष के संपर्क में आई. उसने उस पुरुष के साथ संबंध बनाया और उसके बच्चे की मां बन गई. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पितृत्व और वैधता के बीच के जटिल सवाल पर विचार किया.

जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस भुइयां की बेंच ने कहा कि ब्रिटेन, अमेरिका और मलेशिया में भी ऐसा ही रुझान है, जहां वे वैधता की मान्यता को प्राथमिकता देते हैं, हालांकि जब पितृत्व पर संदेह होता है तो डीएनए परीक्षण की अनुमति भी दी जाती है.

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत ने फैसले में कहा कि भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 112 के तहत यह एक मजबूत अनुमान है कि यदि विवाह के दौरान पत्नी किसी और के बच्चे की मां बनती है, तो भी पति ही बच्चे का कानूनी पिता होगा. इस धारा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी बच्चे की पैदाइश को लेकर अनावश्यक जांच न हो. यदि कोई व्यक्ति अवैधता का दावा करता है, तो उसे इसे साबित करने के लिए महिला से दूर रहने का प्रमाण देना होगा.

सुप्रीम कोर्ट ने ‘संपर्क में न रहने’ को भी परिभाषित किया है. ‘संपर्क में न रहने’ का मतलब है कि पति-पत्नी के बीच संबंध बनना असंभव था. इसका मतलब यह है कि कोई व्यक्ति तब ही पितृत्व को चुनौती दे सकता है जब वह यह साबित कर सके कि उस समय उसे अपनी पत्नी से शारीरिक संबंध बनाने का कोई उपाय नहीं था.

इस मामले में महिला ने स्वीकार किया कि उसने शादी के दौरान एक अन्य व्यक्ति से बच्चा पैदा किया था. बाद में उसने तलाक लिया और बच्चे का उपनाम बदलवाने के लिए कोचीन नगरपालिका से आवेदन किया. नगरपालिका ने इसे अदालत के आदेश के बिना करने से इनकार कर दिया. महिला ने अदालत में दावा किया कि उसके बच्चे का असली पिता वही आदमी है, लेकिन उस व्यक्ति ने इससे इनकार किया. इसके बाद महिला ने उस व्यक्ति से खुद और अपने बच्चे के लिए भरण-पोषण की मांग की.

केरल की अदालतों ने उस व्यक्ति को डीएनए परीक्षण कराने का निर्देश दिया. उसने सुप्रीम कोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी. वरिष्ठ वकील रोमी चाको ने कहा कि व्यक्ति को पितृत्व प्रमाणित करने के लिए डीएनए परीक्षण करने के लिए मजबूर करना भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 122 का उल्लंघन होगा.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एक ओर जहां अदालतों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी व्यक्ति की गोपनीयता और सम्मान की रक्षा हो, वहीं दूसरी ओर अदालतों को यह भी देखना होगा कि बच्चे का वैध अधिकार अपने जैविक पिता को जानने का क्या है और क्या डीएनए परीक्षण की आवश्यकता है.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यदि किसी को जबरदस्ती डीएनए परीक्षण कराना पड़ता है तो यह उसकी निजी जिंदगी को सार्वजनिक कर सकता है, जो कि व्यक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचा सकता है. ऐसे में उसके पास यह अधिकार है कि वह अपनी गरिमा और गोपनीयता की रक्षा के लिए कुछ कदम उठाए, जिसमें डीएनए परीक्षण करने से मना करना भी शामिल है. अदालत ने व्यक्ति की अपील को स्वीकार करते हुए डीएनए परीक्षण कराने के आदेश को रद्द कर दिया.

Check Also

प्रयागराज की कवयित्री डॉ. नीलिमा मिश्रा ‘नीलम’ सम्मानित

कादंबरी समारोह 2026 जबलपुर में प्रयागराज की कवयित्री डॉ. नीलिमा मिश्रा ‘नीलम’ सम्मानित*  अखिल भारतीय ...