
प्रयागराज।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा “आत्मनिर्भर भारत” विषय पर आयोजित वेबीनार में बोलते हुए रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, मध्य प्रदेश के कुलपति प्रोफेसर कपिलदेव मिश्र ने कहा कि आज पूरी दुनिया में आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्रीय शिक्षा नीति विषय पर चर्चा हो रही है।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लिए 5 स्तंभों को आवश्यक बताया। ये हैं आर्थिक, तकनीकी, रोजगार उन्मुखता, स्वावलंबिता और सक्षमता। उन्होंने कहा की भूमि, लेबर, तरलता और न्याय आदि स्रोतों से होकर आत्मनिर्भर भारत की अजस्र धारा बह सकती है। प्रवासी मजदूरों सहित अन्य कामगारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की चिंता , लोकल फार लोकल आदि तरीकों से प्रतिकूलताओं पर विजय प्राप्त की जा सकती । एक उत्पाद और एक जिला की नीति स्वरोजगार में अत्यंत कारगर सिद्ध हुई है। मैटेरियल, मनी, मैनेजमेंट, मोटिव पावर, मार्केट और मशीन की सहायता से भारत में समर्थ उद्योग धंधों की कतार खड़ी की जा सकती है। दुनिया में टेक्नोलॉजी बदलती रही है लेकिन कृषिजन्य, पशुजन्य, वनजन्य और भूजन्य उत्पाद यथावत बने रहे पर इनके रूप और प्रयोग की दृष्टि से नवोन्मेष हुआ है। इस नवीनता में भारत का भी हस्तक्षेप हो, इससे दुनिया में भारत की पहचान बढ़ेगी और हम सब प्रकार के की विपरीत परिस्थितियों से मुक्त होकर हम विश्व में श्रेष्ठ बन सकेंगे।

वेबीनार में बोलते हुए क्रांतिगुरु श्यामजी कृष्ण वर्मा कच्छ विश्वविद्यालय, गुजरात के कुलपति प्रोफेसर जयराज सिंह जाडेजा ने कहा कि आज ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में भी आत्मनिर्भर शब्द को स्वीकार कर लिया है। आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संरक्षणवादी नीति नहीं है। यह सेल्फ सस्टेनिंग और सेल्फ जेनरेटिंग है। 5 ट्रिलियन इकोनामी का निर्माण इसी से होगा। कच्चा माल भी भारत का हो, उत्पाद भी भारत का हो, खपत भी भारत में हो, यही इस आत्मनिर्भर भारत की रणनीति है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जीडीपी के 10 परसेंट, लगभग 20 लाख करोड़ रुपए का पैकेज भारत सरकार ने जारी किया है और उसका प्रभाव दिखना भी शुरू है। 2023 तक हम उर्वरकों में आत्मनिर्भर हो जाएंगे, फरवरी 2021 की खिलौना इंडस्ट्री की मीट में लगभग लक्ष्य की प्राप्ति की ओर हम अग्रसर हो चुके हैं।
उन्होंने गुजरात के विश्वविद्यालयों में लागू स्टूडेंट स्टार्टअप नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा इस प्रकार की नीति पूरे देश में लागू की जा सकती है जिससे नवोन्मेष की ओर हमारे विद्यार्थी अग्रसर हो सकेंगें। हमें जॉबसीकर नहीं जाब क्रिएटर बनना है। उन्होंने जोर दिया कि पूरी दुनिया की तुलना में कोरोना काल में हमने वस्तुओं में, सेवाओं में, संसाधनों में, आभूषणों में, वस्त्रों में और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में अभूतपूर्व रिकवरी की है। यह पूरी दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय बना हुआ है।

कार्यक्रम के आयोजक इलाहाबाद विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ राजेश कुमार गर्ग ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत ही भविष्य के भारत की कल्पना है। हम आर्थिक गतिविधियों में, उत्पादन में, वितरण में, व्यापार में और वैश्विक पहुंच सहित पूरे विश्व की हित साधना में अपनी आत्मनिर्भरता का इस्तेमाल कर पाएं यही आत्मनिर्भर भारत का वैश्विक संकल्प है।
कार्यक्रम का संचालन चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय की डॉ अनुराधा सिंह जी ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन ईश्वर शरण महाविद्यालय के डॉ विवेक राय जी ने किया।
कार्यक्रम में 1047 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन के लिए अपने अनुरोध प्रेषित किए, जिनमें 203 प्राध्यापक और 95 शोध छात्र एवं 749 छात्र शामिल हैं। इनमें 576 पुरुष और 471 महिलाएं शामिल हैं। भारत के 26 राज्यों सहित विदेशों से भी प्रमुख रूप से नेपाल, सऊदी अरब, श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम और अमेरिका से भी कार्यक्रम में परजिस्ट्रेशन के लिए नामांकन निवेदन प्राप्त हुए।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World