
प्रयागराज।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित वेबीनार के प्रथम सत्र में “नई शिक्षा नीति” पर बोलते हुए अटल बिहारी वाजपेई हिन्दी विश्वविद्यालय, भोपाल, मध्य प्रदेश के कुलपति प्रोफेसर खेमसिंह डहेरिया ने इसे नवनिर्माण केंद्रित नीति कहा।

उन्होंने कहा कि यह मातृभाषा के साथ साथ हिन्दी को महत्व देने वाली नीति है, जहां अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य बोध भी शामिल होगा। यह लैंगिक विकास के साथ-साथ समतावादी और समग्रतावादी नीति है। उन्होंने कहा कि यह नीति खेल के साथ शिक्षा का महत्व प्रतिपादित करने वाली, शील, विनय, आदर्श और श्रेष्ठता के स्थापना की नीति है। इसी से भारत आने वाले समय में महाशक्ति बनेगा। यह नीति लोक जनमानस के परंपरागत ज्ञान के संरक्षण की भी नीति है, जिसका काम ‘नेशनल रिसर्च फाउंडेशन’ देखेगा। अपनी गुणवत्ता, मौलिकता और रचनात्मकता में यह नीति मनुष्यत्त्व के निर्माण की पक्षधर है।

वेबीनार के दूसरे सत्र में बोलते हुए बिरसा मुंडा जनजातीय विश्वविद्यालय, गुजरात के कुलपति प्रोफ़ेसर मधुकरभाई एस. पाडवी ने कहा कि नई शिक्षा नीति मैकाले की नीति को छोड़कर आगे बढ़ने की दिशा में कदम है। हमें इस काम में पूरे 75 वर्ष लग गए। उन्होंने कहा के बच्चों को उनकी आयु के हिसाब से तैयार करना, बहु विषयकता को ध्यान में रखना तथा बहुस्तरीय प्रवेश और निकासी की व्यवस्था ही इसकी विशेषताएं हैं। दुनिया भारत की तरफ निहार रही है, अब इस नीति में सबसे अंतिम तबके की भाषा में भी पढ़ाई शामिल होगी। जनजातियों की भाषाओं को भी महत्व मिलेगा। परंपरागत ज्ञान को विलुप्त होने से बचाया जाएगा और इन कामों में वैज्ञानिक और तकनीकि की सहायता ली जाएगी।

वेबीनार के आयोजक इलाहाबाद विश्वविद्यालय के डॉ. राजेश कुमार गर्ग ने कहा कि मातृभाषा में प्रारंभिक शिक्षा देना एक क्रांतिकारी पहल है। यह शिक्षा नीति ज्ञान, विज्ञान के नवाचार की नीति है। इसमें मनुष्यत्त्व, भाषा, संस्कृति के समन्वय के साथ-साथ विज्ञान और तकनीक का समन्वय महत्वपूर्ण है।
धन्यवाद ज्ञापन चौधरी महादेव प्रसाद महाविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ ज्योति वर्मा जी ने किया।

वेबीनार में प्रतिभागिता हेतु देश के 25 राज्यों से 880 नामांकन निवेदन प्राप्त हुए। जिनमें 281 प्राध्यापक, 87 शोध छात्र और 512 छात्र शामिल हैं। इनमें कुल 477 पुरुष और 403 महिलाएं शामिल हैं। भारत के बाहर से अमेरिका, नेपाल और यूनाइटेड किंगडम से भी प्रति प्रतिभागिता हेतु नामांकन अनुरोध प्राप्त हुए।
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World
Ghoomta Aina | Latest Hindi News | Breaking News घूमता आईना | News and Views Around the World